पीडीए प्रहरी एसआईआर व मतदाता सूची पर पूरी नज़र रखें: अखिलेश

सपा मुख्यालय में उमड़ा कार्यकर्ताओं का सैलाब, अखिलेश यादव को दी बधाई

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से नववर्ष 2026 के दूसरे दिन भी समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर उत्साहपूर्ण माहौल में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, नेताओं, अधिकारियों और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने मुलाकात कर नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अखिलेश यादव को पुष्पगुच्छ और बुके भेंट किए गए, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार करते हुए सभी को नए साल की बधाई दी।

कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने बूथ स्तर पर पार्टी को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर कड़ी नजर रखने की बात कहते हुए निर्देश दिया कि जिन मतदाताओं के नाम सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उन्हें हर हाल में जुड़वाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता सतर्क और सावधान रहें।

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि जब मुख्यमंत्री ने यह बयान दिया था कि चार करोड़ वोट कट गए हैं, उसी समय अधिकारियों को बेईमानी का संदेश दे दिया गया था। उन्होंने कहा कि हालिया डेटा और आंकड़ों के संदर्भ में चुनाव आयोग और संबंधित अधिकारियों को अपनी विश्वसनीयता साबित करनी होगी।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि चुनाव आयोग, मैपिंग एप और चुनाव प्रक्रिया में तकनीकी सहायता देने वाली कंपनियां निष्पक्ष भूमिका निभाएंगी। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि राज्य निर्वाचन आयोग और केंद्रीय निर्वाचन आयोग के आंकड़ों में अंतर सामने आता है तो एसआईआर की प्रक्रिया का क्या औचित्य रह जाएगा।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा एक बेईमान पार्टी है और हर स्तर पर बेईमानी व भ्रष्टाचार करती है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और पीडीए प्रहरियों से मतदाता सूची और एसआईआर प्रक्रिया पर पूरी निगरानी रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से किसान, नौजवान और महिलाएं सभी वर्ग परेशान हैं। किसानों को समय पर खाद-बीज नहीं मिल रहा, फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। नौजवानों के सामने रोजगार और नौकरी का संकट है। उन्होंने कहा कि जनता समाजवादी पार्टी की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है और 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी भाजपा को सत्ता से हटाकर प्रदेश को कुशासन से मुक्त करेगी।

नववर्ष के अवसर पर सदर कैंट गुरुद्वारा साहिब की ओर से नरेन्द्र सिंह छाबड़ा, नवल जीत सिंह नागपाल, सुरेन्द्र सिंह छाबड़ा, आतम सिंह सोढ़ी एवं महेन्द्र सिंह छाबड़ा ने अखिलेश यादव को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर अधिवक्ता अभिषेक दीक्षित ने सण्डीला के लड्डू भेंट किए। उनके साथ अतहर हुसैन और अनुराग मिश्र ने भी नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *