नव निर्माण के 9 वर्ष: विकास, विश्वास और समरसता का नया अध्याय, हर वर्ग तक पहुंचा रोजगार और कल्याण- केशव प्रसाद मौर्य

कौशाम्बी/लखनऊ, 21 मार्च 2026। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद कौशाम्बी के मंझनपुर स्थित बस डिपो परिसर में आयोजित “गौरव प्रतिमा अनावरण” कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के 9 वर्ष विकास, विश्वास और समरसता के नए अध्याय के रूप में दर्ज हुए हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार का लक्ष्य गरीब से समृद्धि तक हर नागरिक को अवसर और सम्मान देना है तथा “सबका साथ-सबका विकास” के संकल्प को “सबको रोजगार” तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के लाभार्थियों को ट्रैक्टर संचालित मोबाइल यूनिट वितरित करते हुए कहा कि सरकार “रोजगार आपके द्वार” की अवधारणा को साकार कर रही है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें।

उन्होंने कहा कि सरकार के 9 वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश ने विकास का नया इतिहास रचा है। इस अवधि में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया गया है और प्रदेश में शांति व सुरक्षा का माहौल स्थापित हुआ है। उन्होंने बताया कि इस दौरान लगभग 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। साथ ही शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाया गया और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत निराश्रित महिला पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन और दिव्यांग पेंशन को 300 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये प्रतिमाह किया गया है, जिसे भविष्य में 1500 रुपये तक बढ़ाने की योजना है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के गरीब कल्याण, किसान सम्मान और महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गरीब परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं और प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत करोड़ों लोगों के बैंक खाते खोले गए हैं।

उन्होंने किसानों के हितों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देशभर में लगभग 10 करोड़ किसानों के खातों में प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की सहायता राशि भेजी जा रही है। इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आधारभूत संरचना के विकास को भी प्राथमिकता दी जा रही है। अयोध्या से रामेश्वरम तक बनने वाले रामवन गमन मार्ग का निर्माण कार्य प्रगति पर है, वहीं प्रयागराज एयरपोर्ट से कौशाम्बी तक फोरलेन सड़क का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक देश और प्रदेश को विकसित बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और इसी दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं का आह्वान किया कि वे स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनें। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *