लखनऊ, 1 मार्च: उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम, सेवायोजन एवं समन्वय मंत्री अनिल राजभर ने इजराइल में कार्यरत प्रदेश के श्रमिकों और उनके परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि सभी श्रमिक सुरक्षित हैं और उनकी सुरक्षा तथा कुशलक्षेम सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार लगातार निगरानी कर रही है।
सरकार की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, वर्तमान में उत्तर प्रदेश के कुल 6,004 निर्माण श्रमिक इजराइल की विभिन्न निर्माण परियोजनाओं में कार्यरत हैं। इन श्रमिकों का चयन राष्ट्रीय कौशल विकास निगम और इजराइल की सरकारी संस्था पीबा (Population, Immigration and Border Authority) के माध्यम से किया गया था और उन्हें वर्ष 2024 के दौरान रोजगार के लिए भेजा गया।
मंत्री ने बताया कि पश्चिम एशिया में जारी तनावपूर्ण परिस्थितियों को देखते हुए भारतीय दूतावास, तेल अवीव ने इजराइल में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए सुरक्षा परामर्श जारी किया है। दूतावास ने सभी भारतीयों से सतर्क रहने, स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है।
राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार, श्रम विभाग और संबंधित एजेंसियां दूतावास के साथ निरंतर संपर्क में हैं ताकि वहां कार्यरत सभी श्रमिकों की सुरक्षा और संरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए समन्वय तंत्र सक्रिय रखा गया है।
बयान के अनुसार, प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव (श्रम एवं सेवायोजन) डॉ. एम. के. शन्मुगा सुन्दरम् ने इजराइल में भारत के राजदूत जे.पी. सिंह से दूरभाष पर बातचीत की। राजदूत ने अवगत कराया कि स्थिति नियंत्रण में है और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
राज्य सरकार ने श्रमिकों के परिवारों से भी संयम बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि विदेश में कार्यरत प्रत्येक श्रमिक की स्थिति पर नियमित रूप से नजर रखी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सहायता और समन्वय के लिए त्वरित कदम उठाए जाएंगे।
