लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा से शहरवासियों को बेहतर और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा देने की दिशा में एक नई पहल की गई है। लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड द्वारा 4 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों का शुभारंभ किया गया।
इन बसों में से 2 बसें एयरपोर्ट से अवध बस स्टेशन कमता तक ट्रांसपोर्ट नगर, उतरेठिया, अहिमामऊ और इकाना स्टेडियम होते हुए संचालित होंगी, जबकि अन्य 2 बसें एयरपोर्ट से इंजीनियरिंग कॉलेज तक आलमबाग, चारबाग, हजरतगंज और निशातगंज मार्ग से चलेंगी।
इस सेवा के शुरू होने से देश-विदेश से आने वाले यात्रियों को शहर के विभिन्न हिस्सों तक सुगम और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। खासकर एयरपोर्ट से शहर के प्रमुख इलाकों तक सीधी कनेक्टिविटी मिलने से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
उद्घाटन कार्यक्रम में अमर नाथ सहाय (प्रबंध निदेशक), जयदीप वर्मा, अशोक मेहरोत्रा, डी.के. गर्ग, अनिल तिवारी और दर्शन सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
यात्रियों की सुविधा के लिए इन बसों की ट्रैकिंग ECITYBUS UP APP के माध्यम से की जा सकेगी। बसों का संचालन सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक किया जाएगा। भविष्य में यात्रियों की संख्या बढ़ने पर सेवा को मध्य रात्रि तक बढ़ाने की योजना है।
यह पहल शहर में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के साथ-साथ प्रदूषण कम करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
