31 जनवरी को चलेगा विशेष अभियान, बूथ लेवल एजेंटों की उपस्थिति अनिवार्य 18 वर्ष पूर्ण करने वाले व छूटे मतदाताओं से भरवाए जाएंगे फार्म

शाहजहांपुर, 29 जनवरी: जनपद में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण–2026 के तहत निर्वाचन नामावलियों के अद्यतन को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर यह विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि 31 जनवरी (शनिवार) को एक विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी राजनैतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने की अपील की गई है।

उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान के दौरान 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नए मतदाताओं तथा अब तक छूटे हुए पात्र नागरिकों से फार्म-6 भरवाए जाएंगे, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए।

जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 06 फरवरी निर्धारित की गई है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वर्तमान में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की प्रगति प्रतिदिन जनपद के डीईओ पोर्टल पर देखी जा सकती है।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जनपद शाहजहांपुर में कुल 06 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र, 2,810 मतदेय स्थल तथा 1,792 मतदान केंद्र स्थापित हैं। 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य के अनुसार जनपद में पुरुष मतदाताओं की संख्या 10,08,599, महिला मतदाता 8,02,921 तथा तृतीय लिंग मतदाता 96 हैं। इस प्रकार जनपद में कुल मतदाताओं की संख्या 18,11,616 है।

निर्वाचन कार्य के सुचारु और सफल संचालन के लिए जनपद में 06 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 30 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 2,810 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) तथा 285 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *