यूपी के 17 नगर निगमों में 170 पार्षद मनोनीत, भाजपा नेताओं ने दी बधाई

लखनऊ, 17 मार्च। उत्तर प्रदेश सरकार ने शहरी निकायों में नामांकन प्रक्रिया के तहत बड़ा फैसला लेते हुए राज्य के 17 नगर निगमों में 170 पार्षदों को मनोनीत किया है। इसके साथ ही नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों में भी सदस्यों का नामांकन किया गया है।

शासन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, प्रत्येक नगर निगम में 10-10 पार्षदों को मनोनीत किया गया है। इस प्रकार कुल 170 पार्षद नगर निगमों में नामित हुए हैं। जिन नगर निगमों में यह नियुक्तियां हुई हैं, उनमें मुरादाबाद, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, आगरा, मथुरा-वृंदावन, फिरोजाबाद, अलीगढ़, बरेली, शाहजहांपुर, कानपुर, झांसी, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर शामिल हैं।

प्रदेश में लगभग 200 नगर पालिका परिषद और 545 नगर पंचायतें हैं, जहां भी सदस्यों के नामांकन की प्रक्रिया पूरी की गई है। माना जा रहा है कि इससे स्थानीय निकायों के संचालन और विकास कार्यों को गति मिलेगी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर सभी मनोनीत पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि ये सभी जनसेवा और क्षेत्रीय विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार के रूप में प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

वहीं, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी मनोनीत पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी अपने दायित्वों का निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे और जनसेवा, संगठन की मजबूती तथा क्षेत्रीय विकास में योगदान देंगे।

सरकार के इस कदम को शहरी निकायों में प्रशासनिक मजबूती और विकास कार्यों को तेज करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *