शाहजहांपुर। आगामी होली पर्व के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक ने हाथीथान जुलूस मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक (नगर), सिटी मजिस्ट्रेट एवं क्षेत्राधिकारी (नगर) भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान जुलूस मार्ग के प्रमुख बिंदुओं एवं संवेदनशील स्थलों की स्थिति का आकलन किया गया। पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन योजना तथा निगरानी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि होली के दौरान कानून-व्यवस्था हर हाल में बनाए रखी जाए। असामाजिक तत्वों पर सतर्क निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी करने और आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
