‘हमारे मंत्री पहलवान हैं, इनकी कमाल साहब से कुश्ती करा देंगे’: संसदीय कार्य मंत्री

लखनऊ, 12 फरवरी – उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बृहस्पतिवार को सदन में उस समय हल्का-फुल्का माहौल बन गया, जब संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि “हमारे मंत्री रेसलर (पहलवान) हैं और इनकी कमाल साहब से कुश्ती करा देंगे।”

विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन शून्यकाल के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्य इंजीनियर सचिन यादव और अन्य विपक्षी सदस्यों ने कार्यस्थगन प्रस्ताव के तहत खेल बजट पर चर्चा कराने की मांग की। सचिन यादव ने कहा कि खेल मद में प्रस्तावित बजट कम है और कई महत्वपूर्ण मदों में बजट शून्य रखा गया है, इसलिए सदन की कार्यवाही रोककर इस विषय पर चर्चा कराई जानी चाहिए।

इस दौरान सपा के वरिष्ठ सदस्य कमाल अख्तर ने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसा बड़ा राज्य होने के बावजूद खेलों में उसका प्रदर्शन संतोषजनक नहीं है। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि बजट बढ़ाया जाए तो राज्य की खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिल सकते हैं। साथ ही उन्होंने टिप्पणी की कि संबंधित विभाग के मंत्री को उस क्षेत्र का अनुभव होना चाहिए और आरोप लगाया कि खेल मंत्री खेलों को समझते नहीं हैं।

अख्तर की इस टिप्पणी पर संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने हस्तक्षेप करते हुए कहा, “हमारे मंत्री पहलवान हैं और हम इनकी कमाल साहब से कुश्ती करा देंगे।” इस बयान पर सदन में हंसी का माहौल बन गया। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी मुस्कराते हुए कहा कि यह कुश्ती विधानसभा के भीतर नहीं होनी चाहिए।

इस बीच खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश यादव ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राज्य में 15 हजार से अधिक ग्राम सभाओं में खेल मैदान विकसित किए गए हैं और अन्य स्थानों पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने हॉकी, बैडमिंटन और क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों में अपनी जानकारी का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चला रही है।

यादव ने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार युवाओं, छात्रों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल की तुलना करते हुए कहा कि वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का निर्माण वर्तमान सरकार ने कराया है और मेरठ में मेजर ध्यानचंद की स्मृति में पहला खेल विश्वविद्यालय बनाया जा रहा है।

अंत में विधानसभा अध्यक्ष ने सपा सदस्यों के कार्यस्थगन प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *