बेनोनी (दक्षिण अफ्रीका), सात जनवरी । वैभव सूर्यवंशी और आरोन जॉर्ज के शानदार शतकों की बदौलत भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम ने तीसरे युवा वनडे में दक्षिण अफ्रीका को 233 रन से करारी शिकस्त देकर तीन मैचों की श्रृंखला 3-0 से क्लीन स्वीप कर ली।
कप्तान वैभव सूर्यवंशी ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए आक्रामक अंदाज में 74 गेंदों पर 127 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 छक्के और नौ चौके शामिल थे। बिहार के 14 वर्षीय बल्लेबाज ने लगातार दूसरे मैच में अपनी पावर हिटिंग से प्रभावित किया। उन्हें आरोन जॉर्ज का बेहतरीन साथ मिला, जिन्होंने 106 गेंदों पर 118 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 227 रन की साझेदारी कर भारत को बड़े स्कोर की मजबूत नींव दी।
भारत ने सात विकेट पर 393 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो मेजबान दक्षिण अफ्रीका के लिए बेहद कठिन साबित हुआ। गेंदबाजी में दक्षिण अफ्रीका की ओर से नटांडो सोनी ने 61 रन देकर तीन विकेट और जेसन रोल्स ने 59 रन देकर दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने चौथे ओवर में ही 15 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। किशन सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए शीर्ष क्रम को झकझोर दिया और जोरिच वैन शाल्कविक, अदनान लागडियन तथा लेथाबो फाहलामोहलाका को पवेलियन भेजा। उन्नीस वर्षीय किशन सिंह ने एक बार फिर चार विकेट झटककर भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे।
डैनियल बोसमैन (40) और जेसन रोल्स (19) ने थोड़ी देर संघर्ष किया, लेकिन दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 35 ओवर में 160 रन पर सिमट गई। पॉल जेम्स (41) और कॉर्ने बोथा (नाबाद 36) ने हार का अंतर कम करने की कोशिश की।
इस जीत के साथ सूर्यवंशी ने युवा वनडे क्रिकेट में अपना तीसरा शतक पूरा किया। अब तक 18 मैचों में उन्होंने 54.05 की औसत और 164.08 के स्ट्राइक रेट से 973 रन बनाए हैं, जिसमें चार अर्धशतक भी शामिल हैं। भारत ने इससे पहले पहला मैच डकवर्थ-लुईस पद्धति से 25 रन से और दूसरा मैच आठ विकेट से जीता था।
