सूरजकुंड मेले में झूला टूटकर गिरा, ड्यूटी पर तैनात पुलिस निरीक्षक की मौत, 11 घायल

फरीदाबाद (हरियाणा), सात फरवरी- सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में शनिवार शाम बिजली से चलने वाला एक बड़ा झूला टूटकर गिरने से ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस निरीक्षक की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, शाम करीब छह बजे झूले पर लगभग 15 लोग सवार थे, तभी वह एक तरफ झुककर जमीन पर गिर गया। हादसे में पलवल पुलिस में तैनात निरीक्षक जगदीश प्रसाद की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई। वह मेला ड्यूटी पर तैनात थे और मार्च में सेवानिवृत्त होने वाले थे।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि निरीक्षक प्रसाद ने हादसे के दौरान लोगों को बचाने की कोशिश की और इस दौरान उनके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झूला गिरते ही पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग बिना अपनी सुरक्षा की परवाह किए मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला।

हादसे की सूचना मिलते ही जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा और पर्यटन विभाग के प्रबंध निदेशक पार्थ गुप्ता मौके पर पहुंचे। सिन्हा ने बताया कि घायलों के इलाज की तुरंत व्यवस्था की गई और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

बचाव कार्य के दौरान एक स्टॉल संचालक राघव भी झूले की ग्रिल की चपेट में आ गया, जिससे उसके कंधे में चोट आई। पुलिस ने बताया कि झूले से घायल नौ लोगों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि दो घायलों को बीके अस्पताल ले जाया गया।

इस हादसे से करीब एक घंटे पहले मेला परिसर में एक अन्य घटना में गेट नंबर-2 अचानक गिर गया था, जिससे सेक्टर-28 निवासी सुमित मल्होत्रा और एक बच्चा घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जिला उपायुक्त सिन्हा ने कहा, “घायलों का इलाज चल रहा है। दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी।”

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *