शाहजहांपुर, शनिवार। सहयोग संस्था की ओर से महानगर के सुभाष चंद्र बोस चौराहे पर शनिवार को यातायात जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एडीएम F/R अरविंद कुमार, नगर आयुक्त डॉ. विपिन मिश्रा (IAS), सीओ सदर प्रियांक जैन, एआरटीओ सर्वेश कुमार सिंह और यातायात प्रभारी विपिन मिश्रा उपस्थित रहे।

कैंप में जेपी पब्लिक स्कूल और लीड कान्वेंट स्कूल के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक दृश्य तब देखने को मिला जब जेपी पब्लिक स्कूल के छात्र ‘यमराज’ का वेश धारण कर सड़क पर उतरे और लोगों को हेलमेट व अन्य ट्रैफिक नियमों का पालन करने की प्रेरणा दी।
कैंप के दौरान हेलमेट पहनने वाले लोगों को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया, जबकि बिना हेलमेट वालों को गदा से हल्का संकेत देकर सावधान किया गया और तुरंत हेलमेट पहनाया गया। चित्रगुप्त की भूमिका निभा रहे बच्चों ने लोगों को उनका “भविष्य” दिखाते हुए बताया कि— “यातायात नियमों का पालन जीवन सुरक्षा का सबसे बड़ा उपाय है।”
सहयोग संस्था के संस्थापक अनिल गुप्ता प्रधान और शाहनवाज खान एडवोकेट ने बताया कि आज देश में सड़क दुर्घटनाएँ मौतों का प्रमुख कारण बन चुकी हैं, इसलिए सभी को ट्रैफिक नियमों का पालन करना आवश्यक है। संस्था की अध्यक्ष रजनी गुप्ता और महासचिव विकास सक्सेना ने बताया कि कैंप में दर्जनों लोगों को हेलमेट पहनाकर जागरूक किया गया, जबकि सैकड़ों लोगों को गुलाब का फूल देकर यातायात सुरक्षा का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर एडीएम अरविंद कुमार ने अपने जीवन का एक दर्दनाक अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि एक बार वह गंभीर सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे और लगभग एक घंटे तक बेहोश रहे थे। उन्होंने कहा— “उस घटना ने मुझे हमेशा के लिए यातायात नियमों का महत्व समझा दिया, इसलिए सभी लोग इनका सख्ती से पालन करें।”

कार्यक्रम का संचालन संस्था के उपाध्यक्ष डॉ. पुनीत मनीषी ने किया। अंत में कार्यक्रम प्रभारी स्तुति गुप्ता और सरदार हरजीत सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष महेंद्र दुबे, शिवम वर्मा, ममता यादव, सुमन गुप्ता, संगीता गुप्ता, हिना खान, लक्ष्मी गुप्ता, निदा नाज, मंजू, अंजली यादव, सुदामा प्रसाद सहित एनटीआई और संजय इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राएँ अपने शिक्षकों के साथ उपस्थित रहे।
फ़ाल्गुनी श्रीवास्तव, संवाददाता, शाहजहांपुर
