लखनऊ, छह जनवरी – सरोजनी नगर विधायक राजेश्वर सिंह ने पत्रकारों की सामाजिक, आर्थिक और पेशेवर चुनौतियों को गंभीरता से सुनते हुए उनके पेंशन और सुरक्षा कानून संबंधी मुद्दों पर ठोस आश्वासन दिया।
लाल बहादुर शास्त्री भवन एनेक्सी मीडिया सेंटर में आयोजित मुलाकात के दौरान उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) के संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने पत्रकारों की लंबित पेंशन व्यवस्था, सामाजिक सुरक्षा और पत्रकार सुरक्षा कानून से जुड़े विषयों को विधायक के समक्ष रखा।
राजेश्वर सिंह ने पत्रकारों को भरोसा दिलाया कि वे मुख्यमंत्री से पेंशन व्यवस्था को लेकर स्वयं अनुरोध करेंगे और इस पर ठोस प्रस्ताव रखेंगे। उन्होंने कहा, “पत्रकार समाज की आवाज हैं, और उनके हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पत्रकारों की समस्याएं केवल मांग नहीं, बल्कि लोकतंत्र की मजबूती से जुड़ा विषय हैं। मैं उनके हर न्यायोचित मुद्दे पर उनके साथ खड़ा रहूंगा और आवश्यकता पड़ने पर शासन स्तर तक प्रयास करूंगा।”
कार्यक्रम में विधायक को अंग वस्त्र पहनाकर, पुष्पगुच्छ और भागवत गीता भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर राजेश्वर सिंह ने पत्रकारों को सरोजनी नगर की प्रगति और उपलब्धियों की पुस्तक एवं डायरी भी वितरित की।
विधायक के इस संवेदनशील रवैये और संवादात्मक दृष्टिकोण को पत्रकारों ने गर्मजोशी और उत्साह के साथ सराहा।
