लखनऊ, 8 मार्च। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में जनसमस्याओं के समाधान और जनसंवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘आपका विधायक–आपके द्वार’ अभियान के तहत 159वां जनसुनवाई शिविर डूडा कॉलोनी, चरण भट्ठा रोड पर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन क्षेत्रीय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे।
जनसुनवाई के दौरान विधायक की टीम ने क्षेत्र के लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए। शिविर में कुल 35 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से चार मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि अन्य मामलों को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
शिविर में सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न सेवाओं का आयोजन भी किया गया। विजन प्लस के सहयोग से आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में 56 वरिष्ठ नागरिकों की आंखों की जांच की गई और उन्हें दवाइयों के साथ चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। इसके अलावा दो वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड और दो नागरिकों के आय प्रमाण पत्र भी बनवाए गए, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार मेधावी छात्र-छात्राओं—वैभव अवस्थी, खुशबू, अल्शिफा और अरना अग्रवाल—को साइकिल, घड़ी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए स्पोर्ट्स किट का वितरण किया गया तथा 109वें गर्ल्स यूथ क्लब और 173वें बॉयज यूथ क्लब का गठन किया गया।
इस अवसर पर पूज्य माता तारा सिंह की प्रेरणा से संचालित ‘तारा शक्ति निशुल्क रसोई’ के माध्यम से ग्रामीणों को भोजन भी वितरित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि ‘आपका विधायक–आपके द्वार’ अभियान के माध्यम से जनता तक सीधे पहुंचकर उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास लगातार जारी रहेगा।
