सड़क चौड़ीकरण व नाला निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र के साथ लोहारों वाले चौराहा से विश्वकर्मा चौक तक संचालित सड़क चौड़ीकरण एवं नाला निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में परियोजना पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि यदि आवश्यक हो तो श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर दिन-रात कार्य कराया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में हो रही असुविधा से शीघ्र राहत मिल सके। उन्होंने मार्ग पर शेष अवैध अतिक्रमण को प्राथमिकता के आधार पर हटाने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की बाधा निर्माण कार्य में देरी का कारण नहीं बननी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अवगत कराया कि मार्ग के एक हिस्से में नाला निर्माण कार्य लगभग पूर्णता की ओर है। होली पर्व के बाद दूसरे हिस्से का निर्माण कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा, जिसके पश्चात सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। जिलाधिकारी ने नाला निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा नागरिकों की आवाजाही प्रभावित न होने देने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम होगी और जल निकासी की समस्या से भी स्थायी राहत मिलेगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *