श्री गणेश सर्वमंगलम् हाट का शुभारंभ, आस्था, संस्कृति और आत्मनिर्भरता का अनूठा संगम

शाहजहांपुर। खत्री धर्मशाला, घूरनतलैया में आयोजित “श्री गणेश सर्वमंगलम् हाट” का शुभारंभ जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने भगवान गणेश के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। यह आयोजन भक्ति, सांस्कृतिक विरासत और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में सामने आया।

जिलाधिकारी के आगमन पर गुरुनानक पाठशाला के बच्चों ने बैंड की मधुर धुनों के साथ उनका स्वागत किया। कार्यक्रम की आयोजक पूनम मेहरोत्रा ने बताया कि इस हाट का मुख्य उद्देश्य स्थानीय कारीगरों, महिला उद्यमियों और सामाजिक संस्थाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी कला और उत्पादों को आत्मनिर्भरता के साथ प्रस्तुत कर सकें।

हाट परिसर में हस्तशिल्प, मिट्टी के बर्तन, पारंपरिक परिधान, गृह-सज्जा सामग्री, जैविक उत्पाद, पूजा सामग्री और स्थानीय व्यंजनों के आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। विशेष रूप से छोटे व्यापारियों और जरूरतमंद कारीगरों को बिना किसी आर्थिक बोझ के अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराया गया है।

जिलाधिकारी ने सभी स्टॉलों का भ्रमण कर महिला स्वयं सहायता समूहों, शिल्पकारों और विद्यार्थियों से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने गुरुनानक कन्या पाठशाला की छात्राओं, प्रधानाचार्य हरमीत कौर और शिक्षिका ललिता यादव को प्रतीक स्वरूप गाय की मूर्ति भेंट कर उनके योगदान की सराहना की।

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन भी प्रदान करते हैं। परंपरा और आत्मनिर्भरता का समन्वय ही समाज के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करता है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *