शीतलहर में रेडक्रास बना सहारा, 200 दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को कंबल वितरित

शाहजहांपुर। कड़ाके की ठंड और लगातार पड़ रही शीतलहर के बीच जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से इण्डियन रेडक्रास सोसायटी, शाहजहांपुर द्वारा मानवीय पहल की गई। इस अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के 200 दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को कंबल वितरित किए गए, जिससे ठंड के मौसम में उन्हें कुछ राहत मिल सके।

कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित रेडक्रास कार्यालय में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा एवं नगर निगम के उपसभापति वेद प्रकाश मौर्य ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर दोनों अतिथियों ने रेडक्रास के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में जरूरतमंदों के साथ खड़ा होना ही सच्ची मानव सेवा है।

रेडक्रास सोसायटी के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल राहत सामग्री का वितरण करना नहीं है, बल्कि दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को सम्मान, सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा का भाव भी प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों के लिए रेडक्रास निरंतर कार्य करता रहेगा।

डॉ. जौहरी ने यह भी जानकारी दी कि जो पात्र लाभार्थी किसी कारणवश कंबल वितरण से वंचित रह गए हैं, वे सोमवार को आधार कार्ड के साथ रेडक्रास कार्यालय में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। अगले चरण में ऐसे सभी पात्र व्यक्तियों को कंबल उपलब्ध कराए जाएंगे।

इस वितरण कार्यक्रम में बंडा, खुटार, पुवायां, सिंधौली, निगोही, कांट, भावलखेड़ा और जलालाबाद विकासखंडों से आए लाभार्थी शामिल रहे। कंबल पाकर लाभार्थियों के चेहरे पर संतोष और राहत साफ नजर आई।

कार्यक्रम में ऊँ दिव्यांगजन कल्याण समिति के उपाध्यक्ष बालकृष्ण पांडेय, कोषाध्यक्ष नंद किशोर मिश्रा, रवि कुमार, मुनीश कुमार वर्मा, ब्रजेश कुमार गुप्ता सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने रेडक्रास की इस पहल को सराहनीय बताते हुए आगे भी ऐसे सेवा कार्य जारी रखने की अपील की।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *