नयी दिल्ली, 24 जनवरी । बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान ने शनिवार को अपनी आगामी फिल्म ‘किंग’ की रिलीज तिथि की आधिकारिक घोषणा कर दी। शाहरुख ने बताया कि यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 24 दिसंबर से देशभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी।
फिल्म ‘किंग’ का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। शाहरुख खान और सिद्धार्थ आनंद की जोड़ी इससे पहले वर्ष 2023 में सुपरहिट फिल्म ‘पठान’ में साथ काम कर चुकी है। इस नई फिल्म का निर्माण ‘रेड चिलीज एंटरटेनमेंट’ और ‘मार्फ्लिक्स पिक्चर्स’ संयुक्त रूप से कर रहे हैं।
शाहरुख खान ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो साझा कर फिल्म की रिलीज डेट की जानकारी दी। निर्माताओं के अनुसार, ‘किंग’ एक जबरदस्त एक्शन और रोमांच से भरपूर मनोरंजक फिल्म होगी, जो स्टाइल, करिश्मा और थ्रिल को नए स्तर पर ले जाएगी।
फिल्म में शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। दीपिका और शाहरुख की जोड़ी इससे पहले ‘ओम शांति ओम’, ‘चेन्नई एक्सप्रेस’, ‘पठान’ और ‘जवान’ जैसी कई सफल फिल्मों में दर्शकों का दिल जीत चुकी है।
शाहरुख खान को आखिरी बार वर्ष 2023 में राजकुमार हिरानी की फिल्म ‘डंकी’ में देखा गया था। इस फिल्म में तापसी पन्नू, विक्की कौशल और बोमन ईरानी ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थीं।
फिल्म ‘किंग’ को लेकर दर्शकों में उत्साह उस समय से बना हुआ है, जब पिछले वर्ष शाहरुख खान के 60वें जन्मदिन के अवसर पर फिल्म के शीर्षक से जुड़ा एक विशेष वीडियो जारी किया गया था।
