शाहजहांपुर में भाजपा कार्यालय पर धूमधाम से ध्वजारोहण, गणतंत्र दिवस पर डीएम व एसपी सम्मानित

शाहजहांपुर। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर शाहजहांपुर स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सांसद अरुण सागर, राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार तथा पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ पार्टी ध्वज फहराया।

ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। आयोजन राष्ट्रभक्ति और संगठनात्मक एकता के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

इसी क्रम में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनपद शाहजहांपुर के जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना द्वारा प्रदान किया गया।

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह को जनपद में बेहतर प्रशासनिक कार्यशैली, विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनहित में किए गए उल्लेखनीय प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया। वहीं पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी को प्रयागराज महाकुंभ आयोजन के दौरान उत्कृष्ट कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधन में निभाई गई सराहनीय भूमिका के लिए सम्मान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि शाहजहांपुर के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, जो अन्य अधिकारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सम्मान समारोह में प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *