वाराणसी। काशी की धरती पर खेलों के नए युग की मजबूत शुरुआत करते हुए 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर स्पष्ट शब्दों में कहा कि “खेल शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है” और उत्तर प्रदेश आज नई खेल संस्कृति, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और युवाओं को अवसर देकर राष्ट्रीय नेतृत्व की भूमिका निभा रहा है।
डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिगरा में आयोजित उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री योगी ने खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए कहा कि जब खेल मैदानों से आत्मविश्वास उभरता है और युवाओं की मेहनत राष्ट्र की ताकत बनती है, तब विकास केवल इमारतों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि संस्कार और संस्कृति का स्वरूप ले लेता है।
नई खेल संस्कृति से बदली सोच
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 11 से साढ़े 11 वर्षों में देश में खेलों के प्रति सोच में ऐतिहासिक परिवर्तन आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुई खेलो इंडिया, फिट इंडिया मूवमेंट और अन्य योजनाओं ने खेल को केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बना दिया है। आज खेल अनुशासन, फिटनेस और टीम भावना का प्रतीक बन चुका है।
गांव से वैश्विक मंच तक यूपी के खिलाड़ी
सीएम योगी ने कहा कि ग्राम पंचायत से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक खेल प्रतियोगिताओं का विस्तार किया गया है। सांसद-विधायक खेलकूद प्रतियोगिता, ग्रामीण खेल आयोजन और जिला स्तरीय स्पर्धाओं ने छिपी प्रतिभाओं को सामने लाया है। इसका परिणाम यह है कि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी आज ओलंपिक, कॉमनवेल्थ और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पहले से कहीं बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और पदकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
SAI और यूपी खेल निदेशालय के बीच ऐतिहासिक एमओयू
मुख्यमंत्री की उपस्थिति में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) और उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय के बीच नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (NCOE) के संचालन को लेकर एमओयू का आदान-प्रदान हुआ। इस समझौते के तहत प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अत्याधुनिक प्रशिक्षण, वैज्ञानिक कोचिंग और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर बना आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि 43 वर्षों के बाद उत्तर प्रदेश में सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन होना प्रदेश की बदली खेल तस्वीर का प्रमाण है। स्मार्ट सिटी योजना के तहत विकसित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम जैसे आधुनिक परिसर प्रधानमंत्री के विजन का परिणाम हैं। हर गांव में खेल मैदान, हर जनपद में स्टेडियम और विकास खंड स्तर पर मिनी स्टेडियम निर्माण से खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को नई मजबूती मिली है।
58 टीमों का काशी में भव्य स्वागत
चैंपियनशिप में देशभर से आई 58 टीमें—30 पुरुष और 28 महिला टीमों—के खिलाड़ियों, कोच और अधिकारियों का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी में स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खिलाड़ियों से संवाद, बढ़ाया उत्साह
मुख्यमंत्री ने स्टेडियम का निरीक्षण किया, जिम और खेल उपकरणों का जायजा लिया तथा अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया। शूटिंग अभ्यास कर रहे एक खिलाड़ी के प्रदर्शन की भी उन्होंने विशेष सराहना की।
गणमान्य अतिथियों की रही मौजूदगी
उद्घाटन समारोह में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य, राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच दे रहा है, बल्कि उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रहा है।
