लठामार होली के लिए बरसाना मेला क्षेत्र सात जोन व 18 सेक्टर में विभाजित

मथुरा, 15 फरवरी। विश्व प्रसिद्ध लठामार होली के मद्देनजर प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और प्रबंधन तैयारियां शुरू कर दी हैं। लक्ष्मी नारायण चौधरी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बरसाना के मेला परिसर को सात जोन और 18 सेक्टर में विभाजित किया गया है।

मंत्री ने ‘रंगोत्सव-2026’ की तैयारियों की समीक्षा बैठक के बाद कहा कि ब्रज क्षेत्र की पारंपरिक होली समारोहों की श्रृंखला 24 फरवरी को बरसाना स्थित लाडिलीजी मंदिर में फाग आमंत्रण और लड्डू होली से प्रारंभ होगी। 25 फरवरी को बरसाना में लठामार होली, 26 फरवरी को नंदगांव और रावल में उत्सव, जबकि 27 फरवरी को श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर और बांकेबिहारी मंदिर में रंगों की होली आयोजित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि एक मार्च को गोकुल में छड़ीमार होली, तीन मार्च को फाल्गुन पूर्णिमा पर डोला और होलिका दहन तथा चार मार्च को धूलेंडी मनाई जाएगी। इसके बाद पांच मार्च को बलदेव और जाब गांव में हुरंगा, नौ मार्च को महावन में छड़ीमार होली और 12 मार्च को रंगजी मंदिर में विशेष आयोजन होंगे।

मेला क्षेत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मंच, सजावट, प्रवेश द्वार, सेल्फी प्वाइंट और लाइव प्रसारण की व्यवस्था पर्यटन विभाग तथा ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा की जाएगी। प्रमुख स्थलों पर विशेष प्रकाश सज्जा और दो दर्जन प्रवेश द्वार स्थापित किए जाएंगे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि भीड़ प्रबंधन के लिए 56 पार्किंग स्थल और 94 बैरिकेड बनाए जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, सार्वजनिक घोषणा प्रणाली और खोया-पाया केंद्र स्थापित किए जाएंगे। साथ ही 13 स्वास्थ्य केंद्र, पांच दोपहिया एम्बुलेंस, वॉचटावर और अग्निशमन व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।

प्रशासन के अनुसार लठामार होली के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है। व्यापक प्रबंधन व्यवस्था के जरिए परंपरा, आस्था और पर्यटन के इस अनूठे उत्सव को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारी की गई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *