लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

लखनऊ, 10 नवम्बर – लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के दुबग्गा डिपो में आज यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य चालकों एवं कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी देकर उन्हें जागरूक बनाना था। इस अवसर पर डी.के. गर्ग, प्रबंधक (संचालन), वरिष्ठ केंद्र प्रभारी अनिल तिवारी एवं सीनियर फोरमैन सुभाष सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में यातायात पुलिस लखनऊ के यातायात निरीक्षक श्री देवेश साही, उपनिरीक्षक राहुल वर्मा, सुमित मिश्रा एवं यातायात पुलिस पार्क की टीम ने भाग लिया। उन्होंने उपस्थित चालकों और कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी और रोजमर्रा के संचालन में सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से यह संदेश दिया गया कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, उचित दूरी बनाए रखें तथा वाहन को निर्धारित लेन में ही चलाएं। साथ ही सीट बेल्ट और हेलमेट के प्रयोग को अनिवार्य बताया गया। वाहन मोड़ते समय इंडिकेटर देने, यातायात संकेतों का पालन करने और मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहने की भी सलाह दी गई।

यातायात पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा उपाय है। चालकों को न केवल नियमों का पालन करना चाहिए, बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी चालकों ने सुरक्षित ड्राइविंग का संकल्प लिया।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ते रहे – https://readnownews.in/

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *