लखनऊ में बनी ब्रह्मोस मिसाइल खरीदने में इंडोनेशिया की रुचि: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

लखनऊ, 15 नवंबर : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को बताया कि लखनऊ में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइल को खरीदने की पहल इंडोनेशिया ने की है। उन्होंने पश्चिम विधानसभा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के जनसंवाद कार्यक्रम में यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह लखनऊ के लिए गर्व की बात है कि दुनिया की सबसे तेज और सटीक सुपरसोनिक मिसाइल का निर्माण इसी शहर में हो रहा है।

राजनाथ सिंह ने बताया कि 18 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ब्रह्मोस एयरोस्पेस इकाई, सरोजिनी नगर से मिसाइलों की पहली खेप रवाना की गई थी। यह इकाई ‘इंटीग्रेशन एंड टेस्ट’ सुविधा के साथ अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित है और 11 मई 2025 को पूरी तरह संचालन में आ गई थी। लखनऊ के भटगांव में स्थित इस इकाई में मिसाइलों की असेंबली, इंटीग्रेशन और टेस्टिंग उच्च तकनीकी मानकों के अनुरूप की जाती है। इस परियोजना में 300 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है, जबकि उत्तर प्रदेश सरकार ने इसके लिए 80 हेक्टेयर भूमि नि:शुल्क उपलब्ध कराई।

कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा, “मनुष्य के जीवन की सबसे बड़ी इच्छा मान-सम्मान और स्वाभिमान है। हम हर चीज से समझौता कर सकते हैं, लेकिन अपने स्वाभिमान से नहीं।” उन्होंने कार्यकर्ताओं को मर्यादाओं का पालन करने की सीख देते हुए कहा कि भगवान राम ने भी मर्यादाओं का पालन किया, इसलिए उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम कहा जाता है।

सिंह ने युवाओं को संगठन के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया और बताया कि उन्होंने युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का पद संभाला। उन्होंने कहा, “आप में से कौन, कब किस पद पर पहुंचेगा, यह कोई नहीं जानता, लेकिन निष्ठा और मेहनत का परिणाम निश्चित रूप से मिलता है।”

रक्षा मंत्री ने बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की शानदार जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने जाति और धर्म से ऊपर उठकर निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा मजबूत हुई है। पहले विदेशों में भारत की बात गंभीरता से नहीं सुनी जाती थी, लेकिन आज दुनिया ध्यान से सुनती है कि भारत क्या कह रहा है।

राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि देश की सेवा में निरंतर प्रयास और संगठन के प्रति ईमानदारी से काम करना सबसे बड़ा धर्म है।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ते रहे : https://readnownews.in/

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *