लखनऊ को यूनेस्को का ‘क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी’ खिताब, मुख्यमंत्री योगी बोले—यह उप्र के व्यंजनों का वैश्विक सम्मान

लखनऊ, 8 नवंबर : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को यूनेस्को के क्रिएटिव सिटीज नेटवर्क (CCN) में ‘गैस्ट्रोनॉमी’ (खानपान) श्रेणी में शामिल किए जाने के बाद पूरे प्रदेश में गर्व का माहौल है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस उपलब्धि को न केवल लखनऊ बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के विविध व्यंजनों के लिए एक वैश्विक सम्मान बताया।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा, “मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों, राजधानी लखनऊ को यूनेस्को ने ‘क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी’ के रूप में चुना है। व्यंजन बनाने में रचनात्मकता के लिए मिली यह मान्यता लखनऊ ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के विविधता से भरे खानपान का वैश्विक सम्मान है।”

उन्होंने आगे कहा कि दुनिया को उत्तर प्रदेश के इस अप्रतिम स्वाद से परिचित कराना अब सभी का दायित्व है। मुख्यमंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि वे अपने क्षेत्र के पारंपरिक व्यंजनों की झलक सोशल मीडिया पर साझा करें। उन्होंने #OneDistrictOneCuisine (एक जिला, एक व्यंजन) अभियान की शुरुआत का भी सुझाव दिया, ताकि हर जिले के खास पकवान को पहचान और संरक्षण मिल सके।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जैसे “वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट” (ODOP) योजना ने स्थानीय हस्तशिल्प और उद्योगों को नई पहचान दिलाई, वैसे ही “वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूज़िन” से प्रदेश के हर जिले के पारंपरिक स्वाद को अंतरराष्ट्रीय मंच पर जगह मिलेगी।

लखनऊ को यह सम्मान 31 अक्टूबर को आधिकारिक तौर पर यूनेस्को क्रिएटिव सिटीज नेटवर्क में शामिल किए जाने के साथ मिला। इस नेटवर्क में दुनियाभर के वे शहर शामिल किए जाते हैं जो संगीत, कला, शिल्प, डिजाइन, साहित्य और खानपान जैसे क्षेत्रों में सांस्कृतिक नवाचार और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करते हैं।

लखनऊ की समृद्ध पाक परंपरा—जिसमें कबाब, कोरमा, बिरयानी, निहारी और परांठे जैसे नवाबी दौर के व्यंजन शामिल हैं—इस सम्मान की मुख्य वजह बनी।

कथाकार और किस्सागो हिमांशु बाजपेयी ने मुख्यमंत्री के ‘एक जिला, एक व्यंजन’ विचार का स्वागत करते हुए कहा, “कई पारंपरिक व्यंजन ऐसे हैं जो किसी खास जिले की पहचान हैं। जब लोग इस पहल से जुड़ेंगे तो न केवल इन स्वादों की लोकप्रियता बढ़ेगी, बल्कि इन्हें संरक्षण और वैश्विक पहचान भी मिलेगी।”

अधिक जानकारी के लिए पढ़ते रहे :- https://readnownews.in/

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *