रुपया सात पैसे टूटकर डॉलर के मुकाबले 90.97 पर पहुंचा, अब तक का सबसे निचला स्तर

Rupee remains under pressure due to foreign capital outflows, will...

मुंबई, 20 जनवरी  — विदेशी मुद्रा बाजार में मंगलवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सात पैसे टूटकर 90.97 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो अब तक का सबसे निचला स्तर है। धातु आयातकों की ओर से डॉलर की मजबूत मांग और विदेशी पूंजी की लगातार निकासी से निवेशकों की धारणा पर नकारात्मक असर पड़ा।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, वैश्विक अनिश्चितता के चलते जोखिम से बचने की प्रवृत्ति बढ़ी है, जिससे उभरते बाजारों की मुद्राओं पर दबाव बना हुआ है। इसके साथ ही विदेशी निवेशकों की बिकवाली के कारण घरेलू शेयर बाजार में आई कमजोरी ने भी रुपये पर दबाव डाला।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 90.91 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के दौरान 91.06 तक फिसल गया। अंत में यह 90.97 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से सात पैसे की गिरावट दर्शाता है। इससे पहले सोमवार को रुपया 12 पैसे टूटकर 90.90 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इससे पहले 16 दिसंबर 2025 को रुपया 90.93 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की लगातार निकासी के कारण रुपये में नकारात्मक रुख बना रहा और यह कारोबार के दौरान 91 के स्तर के करीब पहुंच गया। हालांकि, कमजोर डॉलर और भारतीय रिजर्व बैंक के हस्तक्षेप से रुपये की तेज गिरावट पर कुछ हद तक रोक लगी।

उन्होंने बताया कि ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका के रुख से जुड़ी चिंताओं के कारण विदेशी पूंजी की निकासी और वैश्विक अनिश्चितता से निकट भविष्य में भी रुपये पर दबाव बना रह सकता है। साथ ही, व्यापार समझौते को लेकर बनी अनिश्चितता भी रुपये को कमजोर कर सकती है। चौधरी के अनुसार, डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 90.70 से 91.25 के दायरे में रह सकता है।

इस बीच, छह प्रमुख वैश्विक मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.91 प्रतिशत गिरकर 98.48 पर आ गया।

घरेलू शेयर बाजार में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स 1,065.71 अंक टूटकर 82,180.47 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 353 अंक गिरकर 25,232.50 अंक पर आ गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड का भाव 63.94 डॉलर प्रति बैरल रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक सोमवार को बिकवाल रहे और उन्होंने शुद्ध रूप से 3,262.82 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *