राहुल गांधी ने संसद की गरिमा कम की, सैनिकों का मनोबल गिराया: भाजपा

नयी दिल्ली, दो फरवरी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की व्यवस्था की अवहेलना करने और भारत-चीन सीमा से जुड़े मुद्दे पर कथित झूठे आरोप लगाकर संसद की गरिमा को ठेस पहुंचाने तथा भारतीय सैनिकों का मनोबल गिराने का आरोप लगाया।

लोकसभा में उस समय हंगामा हो गया जब राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे के एक अप्रकाशित संस्मरण का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पर निशाना साधने का प्रयास किया। रक्षा मंत्री और अन्य भाजपा सदस्यों ने इसका कड़ा विरोध करते हुए राहुल गांधी पर सदन को गुमराह करने का आरोप लगाया।

इस मुद्दे पर जारी गतिरोध के चलते सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित होने के बाद पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राहुल गांधी से बार-बार आग्रह किया कि वह किसी पुस्तक या पत्रिका का सदन में उल्लेख नहीं कर सकते, इसके बावजूद उन्होंने पूर्व सेना प्रमुख के हवाले से चीन के साथ सैन्य तनाव का मुद्दा उठाने की कोशिश की।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने संसद परिसर में पत्रकारों से कहा कि यह घटना “जानबूझकर” भारत को बदनाम करने और देश की सेना का मनोबल गिराने की “सोची-समझी साजिश” का हिस्सा है। उन्होंने कहा,
“राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ न करें और भारत-विरोधी तत्वों की भाषा न बोलें। राष्ट्रीय सुरक्षा को राजनीतिक हथियार नहीं बनाया जाना चाहिए।”

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संसद के भीतर “दुश्मनों की भाषा” बोल रहे हैं। उन्होंने कहा,
“यह सोनिया गांधी का घर नहीं, बल्कि लोकसभा है, जो नियमों और अध्यक्ष की व्यवस्था से चलती है।”

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष की स्पष्ट व्यवस्था के बावजूद इस मुद्दे पर अड़े रहना राहुल गांधी के “वैचारिक दिवालियापन” को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने संसद की गरिमा को ठेस पहुंचाने के साथ-साथ अपने कथित झूठे और भ्रामक बयानों से भारतीय सैनिकों का अपमान किया।

भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने भी राहुल गांधी के व्यवहार की निंदा करते हुए कहा कि वह रिकॉर्ड पर मौजूद तथ्यों के बजाय एक अप्रकाशित पुस्तक के आधार पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व सेना प्रमुख स्वयं कई बार स्पष्ट कर चुके हैं कि गलवान में भारत की एक इंच भी जमीन नहीं गई।

इस बीच, तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा और कल्याण बनर्जी, राजद सांसद मनोज झा तथा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित कई विपक्षी नेताओं ने राहुल गांधी का समर्थन किया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *