राजग सत्ता में लौटा तो बिहार में भी माफिया राज का अंत होगा: योगी आदित्यनाथ

सीवान, 31 अक्टूबर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि यदि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार सत्ता में लौटती है, तो प्रदेश से “माफिया राज” का उसी तरह सफाया किया जाएगा, जैसा उत्तर प्रदेश में हुआ है। सीवान में आयोजित एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए योगी ने विपक्षी दलों पर बिहार को अपराध, भ्रष्टाचार और पिछड़ेपन की ओर धकेलने का आरोप लगाया।

योगी ने कहा, “बिहार में राजग की सरकार बनी तो माफिया राज का अंत निश्चित है। जैसे उत्तर प्रदेश में अपराधियों की अवैध संपत्तियां जब्त की गईं और कई माफियाओं को जेल या नरक भेजा गया, वैसे ही बिहार में भी कानून का राज स्थापित होगा।” उन्होंने दावा किया कि जनता अब विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक गौरव की राजनीति चाहती है।

सीवान को भारत के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जन्मभूमि बताते हुए योगी ने कांग्रेस पर उनके अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “जब डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने सोमनाथ मंदिर के उद्घाटन में शामिल होने का निर्णय लिया, तो तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने उन्हें ऐसा न करने की सलाह दी थी। यह देश के राष्ट्रपति का नहीं, बल्कि भारत की आस्था का अपमान था।”

योगी ने कहा कि कांग्रेस ने सरदार पटेल, डॉ. भीमराव आंबेडकर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद और कर्पूरी ठाकुर जैसे महापुरुषों का सम्मान नहीं किया। उन्होंने पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि “कांग्रेस ब्रिटिश हुकूमत की उत्तराधिकारी है, जिसने भारतीय उद्योग और कारीगरी को नष्ट किया और आज भी औपनिवेशिक सोच से बाहर नहीं निकल पाई है।”

राजद पर अप्रत्यक्ष हमला करते हुए योगी ने कहा कि “बिहार में कुछ माफिया फिर सिर उठाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जनता अब जाग चुकी है।” उन्होंने अपने रघुनाथपुर दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां उन्होंने जनता के उत्साह से महसूस किया कि “माता सीता की भूमि पर किसी मारीच जैसे राक्षस को अब पनपने नहीं दिया जाएगा।”

योगी ने आगे कहा, “भाजपा और राजग ने सदैव अपनी सांस्कृतिक विरासत का सम्मान किया है। हमने वादा निभाया — राम मंदिर उसी स्थान पर बना, जहां भगवान राम का जन्म हुआ था। जबकि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने भगवान राम के अस्तित्व पर ही सवाल उठाया था।”

अपने भाषण के अंत में योगी ने कहा कि “बिहार पाटलिपुत्र की धरती है, चंद्रगुप्त और चाणक्य की भूमि है। यह भूमि किसी बाहुबल और माफिया राज की नहीं, बल्कि धर्म, नीति और विकास की राजनीति को स्वीकार करेगी। राजग की सरकार आने पर बिहार भी ‘बुलडोजर मॉडल’ का उदाहरण बनेगा।”

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *