यूपी में थमा चक्रवात का असर, अब दिखेगी तेज धूप; रातों के तापमान में बढ़ोतरी का अलर्ट जारी

लखनऊ। दो दिन की बारिश और ठंडी हवाओं के बाद उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेश में अब चक्रवात का असर पूरी तरह खत्म हो चुका है और आज (रविवार) से दिन में तेज धूप निकलने लगी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए शुष्क और साफ मौसम की भविष्यवाणी की है। इसके साथ ही विभाग ने रात के तापमान में बढ़ोतरी का भी अलर्ट जारी किया है।

तापमान में बढ़ोतरी, ठंड का असर घटा

बीते दो दिनों की वर्षा के बाद जहां वातावरण में ठंड बढ़ गई थी, वहीं अब तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शनिवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान कानपुर में 32.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान बलिया में 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अक्टूबर महीने में प्रदेश में सामान्य से कहीं अधिक बारिश दर्ज की गई। जहां अक्टूबर का दीर्घकालिक औसत वर्षा 28.2 मिमी है, वहीं इस बार 131 फीसदी अधिक यानी 65.2 मिमी वर्षा हुई। सोनभद्र में सर्वाधिक 211.6 मिमी और वाराणसी में 210.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

नवंबर में कम पड़ेगी ठंड

मौसम विभाग के अनुसार, इस बार नवंबर में ठंड अपेक्षाकृत कम पड़ेगी। वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, “नकारात्मक हिंद महासागरीय द्विध्रुव (Negative Indian Ocean Dipole) की परिस्थितियों के प्रभाव से नवंबर में सामान्य से अधिक वर्षा के आसार हैं।” हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रात का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। यानी, इस बार नवंबर में रातें कम ठंडी होंगी।

गोंडा में पहली बार घना कोहरा

दूसरी ओर, प्रदेश के उत्तरी जिलों में कोहरे ने दस्तक दे दी है। गोंडा में रविवार की सुबह घना कोहरा छा गया, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और आवागमन प्रभावित हुआ। वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। यह इस सीजन का पहला घना कोहरा बताया जा रहा है।

मौसम विभाग ने गोंडा समेत तराई क्षेत्रों में आने वाले कुछ दिनों तक सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई है। वहीं दिन में तेज धूप रहने और शाम को हल्की ठंडक महसूस होने की बात कही गई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *