लखनऊ, 09 जनवरी, 2026 । उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने प्रदेश की स्थापना दिवस की स्मृति में आयोजित होने वाले यूपी दिवस-2026 की तैयारियों का प्रेरणा स्थल पर स्थलीय निरीक्षण किया। मंत्री ने कहा कि 24 से 26 जनवरी, 2026 तक राजधानी लखनऊ में आयोजित होने वाला यह तीन दिवसीय समारोह प्रदेश की गौरवशाली संस्कृति और विकास यात्रा को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर होगा।
जयवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री की अपेक्षा है कि इस आयोजन के माध्यम से विदेशों में रहने वाले प्रदेशवासियों को उनकी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ा जाएगा और प्रदेशवासियों को नए उत्तर प्रदेश का दर्शन कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यूपी दिवस-2026 प्रदेश के सभी 75 जनपदों के जिला मुख्यालयों पर भी मनाया जाएगा, ताकि जनता अपनी जिले की स्थापना और विकास यात्रा से जुड़ सके।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली अतीत तथा आर्थिक शक्ति और विकास यात्रा को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने के लिए विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों में भी यूपी दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा देश के सभी राजभवनों को भी इस आयोजन से जोड़ा गया है।
मंत्री ने कहा कि जिले स्तर पर गायन, नृत्य, वादन और नाटक प्रतियोगिताओं के साथ विशेष फिल्में भी दिखाई जाएंगी, जो जिले की विकास यात्रा पर आधारित होंगी। इसी के साथ यूपी गौरव सम्मान, विश्वकर्मा श्रम सम्मान और माटीकला बोर्ड सम्मान जैसे पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। राज्य के उद्यमियों, खिलाड़ियों, महिलाओं, चिकित्सकों, वैज्ञानिकों और प्रगतिशील किसानों को इस अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
जयवीर सिंह ने बताया कि इस प्रतिष्ठित आयोजन में देश के गृह मंत्री अमित शाह को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा, पार्किंग, यातायात, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और मेडिकल सुविधाओं की कोई कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) और उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर तैयारियों को अंतिम रूप देने का काम जारी रखने का निर्देश दिया। राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) सहित 100 से अधिक स्टॉल लगेंगे। एमएसएमई और अन्य विभागों के सहयोग से स्टॉल, दुकानों और प्रदर्शनी की पर्याप्त जगह और आगंतुकों की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी।
इस निरीक्षण के दौरान अपर निदेशक (संस्कृति विभाग) डा0 सृष्टि धवन, सहायक निदेशक (संस्कृति विभाग) तुहिन द्विवेदी, सहायक निदेशक (राज्य संग्रहालय) डा0 विनय कुमार सिंह और डा0 वीरेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इस निरीक्षण के साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार ने यूपी दिवस-2026 को भव्य और यादगार बनाने के लिए अंतिम तैयारियों को तेज कर दिया है।
