मुरादाबाद में बोले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक: यूपी में कानून व्यवस्था मजबूत, 2027 में तीसरी बार भाजपा बनाएगी सरकार

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दावा किया है कि प्रदेश में मजबूत कानून व्यवस्था, तेज विकास और सुशासन के भरोसे भारतीय जनता पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में तीसरी बार सरकार बनाएगी। शुक्रवार को मुरादाबाद पहुंचे डिप्टी सीएम ने पंचायत और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा की रणनीति पर खुलकर बात की और विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला।

डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत यह है कि वह हर समय जनता के बीच रहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं ने आम आदमी का भरोसा जीता है। आज प्रदेश की कानून व्यवस्था की देशभर में सराहना हो रही है और इसी विश्वास के साथ जनता 2027 में एक बार फिर भाजपा को सत्ता सौंपेगी।

‘अब बीमारू नहीं, विकासशील प्रदेश है यूपी’

ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहा, बल्कि तेजी से विकासशील प्रदेश की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा जैसे बुनियादी क्षेत्रों में ऐतिहासिक सुधार हुए हैं। उन्होंने कहा कि आज जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर हो रहा है और प्रतिव्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

उन्होंने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे प्रदेश के लाखों लोगों को रोजगार मिला है और स्थानीय उद्योगों को नई पहचान मिली है।

एसआईआर पर विपक्ष पर निशाना

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर उठ रहे सवालों पर डिप्टी सीएम ने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ चल रही है। निर्वाचन आयोग की देखरेख में अधिकारी मतदाता सूची को सही और निष्पक्ष बनाने का काम कर रहे हैं। विपक्ष अपनी संभावित हार को देखकर बेवजह हंगामा कर रहा है।

सपा पर सीधा हमला

समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा आज भी अराजकता की राजनीति से बाहर नहीं निकल पाई है। जब-जब प्रदेश में सपा की सरकार रही, तब-तब प्रदेश को दंगों, गुंडई और अव्यवस्था की ओर धकेल दिया गया। उन्होंने कहा कि सपा शासनकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी थी।

डिप्टी सीएम ने कहा कि 2017 से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश उपेक्षित क्षेत्र माना जाता था। बिजली की स्थिति बदहाल थी और आमजन खुद को असुरक्षित महसूस करता था, जबकि आज प्रदेश में कानून का राज है और नागरिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

स्वास्थ्य और शिक्षा में ऐतिहासिक सुधार

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ी है, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हुआ है और शिक्षा के स्तर में लगातार सुधार हो रहा है।

मुरादाबाद की सराहना

डिप्टी सीएम ने मुरादाबाद के लोगों की सराहना करते हुए कहा कि शहर के नागरिक शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, व्यापार, समाजसेवा और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को सम्मानित करना समाज को आगे बढ़ाने का कार्य है।

उन्होंने ‘बेस्ट ऑफ माई सिटी – नए अंदाज में’ कॉफी टेबल बुक को मुरादाबाद की उपलब्धियों, पहचान और सकारात्मक बदलावों का सशक्त दस्तावेज बताया और अमर उजाला द्वारा किए जा रहे इस प्रयास की सराहना की।

अंत में डिप्टी सीएम ने दो टूक कहा कि विकास, सुरक्षा और सुशासन के मुद्दे पर जनता भाजपा के साथ है और 2027 में उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *