मीरजापुर: खनन राजस्व और अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण हेतु सचिव ने दिए सख्त निर्देश

मीरजापुर, अक्टूबर 2025 — भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की सचिव/निदेशक श्रीमती माला श्रीवास्तव की अध्यक्षता में  11 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सभागार, मीरजापुर में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी मीरजापुर, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), क्षेत्रीय खान अधिकारी, खनिज निरीक्षक समेत निदेशालय की 4 सदस्यीय टीम शामिल हुई।

सचिव महोदया ने सभी जनपदों में खनन से प्राप्त राजस्व की समीक्षा करते हुए अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित वार्षिक लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी जिलों को खनन पट्टों के संचालन के लिए जिला सर्वेक्षण रिपोर्ट शीघ्र तैयार करने तथा माइनमित्र पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।

सचिव ने अवैध खनन की रोकथाम हेतु संचालित खनन पट्टों की सघन जाँच और कार्यदायी संस्थाओं द्वारा प्रयुक्त उपखनिजों पर देय रॉयल्टी व खनिज मूल्य की वसूली पर जोर दिया। ईंट भट्ठों से विनियमन शुल्क वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि उपखनिजों का परिवहन करने वाले वाहनों का पंजीकरण विभागीय पोर्टल vtsdgm.up.in पर विशेष अभियान चलाकर कराया जाए तथा उन पर लगे AIS 140 GPS उपकरणों का पोर्टल से एकीकरण अनिवार्य रूप से किया जाए। केवल पंजीकृत एवं एकीकृत वाहनों को ही ईएमएम-11/ई-प्रपत्र सी जारी किया जाएगा।

अंत में सचिव महोदया ने समीपवर्ती राज्यों से आने वाले खनिजों की निगरानी, ओवरलोडिंग, बिना पास परिवहन जैसी अनियमितताओं पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *