मन की बात से देशवासियों में नई ऊर्जा, विश्वास और एकजुटता का संचार: केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ, 29 मार्च 2026। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को लखनऊ स्थित अपने कैम्प कार्यालय में जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम आज देशवासियों के लिए प्रेरणा, मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन का सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार प्रत्येक नागरिक के भीतर नई ऊर्जा, आत्मविश्वास एवं राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना का संचार करते हैं। यह कार्यक्रम राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त करने वाला एक अद्भुत जनसंवाद है।

श्री मौर्य ने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों एवं ऊर्जा क्षेत्र में उत्पन्न चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का संतुलित, स्पष्ट एवं आश्वस्त करने वाला दृष्टिकोण यह दर्शाता है कि भारत हर परिस्थिति में सजग, सक्षम एवं दृढ़ है। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे जागरूक रहें, अफवाहों से दूर रहें तथा एकजुट होकर संयमित आचरण करें।

कार्यक्रम में प्रस्तुत प्रेरक उदाहरणों का उल्लेख करते हुए उप मुख्यमंत्री ने वाराणसी में एक ही घंटे में 2 लाख 51 हजार से अधिक पौधारोपण कर बनाए गए विश्व रिकॉर्ड को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जन-आंदोलन बताते हुए कहा कि इसमें छात्रों, युवाओं एवं स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय भागीदारी सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि ‘ज्ञान भारतम’ पहल, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तथा जल संरक्षण हेतु ‘अमृत सरोवर’ जैसे अभियान समाज को सकारात्मक दिशा दे रहे हैं। तालाबों के पुनर्जीवन एवं वर्षा जल संचयन जैसे प्रयास जनभागीदारी की सशक्त मिसाल हैं।

उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री की ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ की सराहना करते हुए कहा कि इस योजना से उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में लोगों को व्यापक लाभ मिल रहा है, जिससे उनकी आय में वृद्धि के साथ जीवन स्तर भी बेहतर हो रहा है।

अंत में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘मन की बात’ जैसा प्रेरक संवाद देश के प्रत्येक नागरिक में विश्वास, स्थिरता एवं जिम्मेदारी की भावना को और अधिक सुदृढ़ करता है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *