कोलकाता, 27 जनवरी । समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का प्रभावी तरीके से मुकाबला करने की क्षमता केवल उनमें ही है। यादव ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को “करारी हार” का सामना करना पड़ेगा।
अखिलेश यादव ने सपा के वरिष्ठ नेता किरणमय नंदा के साथ राज्य सचिवालय ‘नबन्ना’ में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से लगभग 40 मिनट तक मुलाकात की। यह मुलाकात मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर पश्चिम बंगाल में जारी राजनीतिक तनाव के बीच हुई। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में यादव ने कहा, “पूरे देश में अगर कोई भाजपा का प्रभावी तरीके से मुकाबला कर रहा है तो वह ममता बनर्जी हैं। भाजपा का जवाब उसी तरह दिया जा सकता है, जैसा दीदी दे रही हैं।”
यादव का यह बयान ऐसे समय आया है जब राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा विरोधी ‘इंडिया’ गठबंधन के भीतर नेतृत्व और रणनीति को लेकर मतभेद की चर्चाएं चल रही हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यादव का यह बयान न केवल ममता बनर्जी के राजनीतिक रुख का समर्थन है, बल्कि कांग्रेस को भी एक स्पष्ट संदेश है।
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा निर्वाचन आयोग के साथ मिलीभगत कर एसआईआर के माध्यम से एनआरसी लागू करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, “एसआईआर का उद्देश्य चुनाव से पहले आम लोगों को अधिकतम परेशान करना और वोटरों की संख्या घटाना है। भाजपा अपने वोट बढ़ाने के बजाय विरोधियों के वोट कम करने की कोशिश कर रही है।”
यादव ने उत्तर प्रदेश में एसआईआर के दौरान करोड़ों मतदाताओं के नाम हटाए जाने का हवाला देते हुए कहा कि बंगाल, बिहार और यूपी में इस प्रक्रिया का अनुभव चिंताजनक रहा है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से निष्पक्षता बरतने की अपील की।
उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई और आई-पैक से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए कहा कि ममता बनर्जी ने “डिजिटल डकैती” की कोशिश को नाकाम किया। यादव ने कहा, “दीदी ने ईडी को मात दी है और अब भाजपा को भी हराएंगी।”
अखिलेश यादव ने कहा कि ममता बनर्जी प्रेम, भाईचारे और धर्मनिरपेक्षता की राजनीति करती हैं, जबकि भाजपा विभाजन की राजनीति करती है। उन्होंने भरोसा जताया कि बंगाल जैसे सांस्कृतिक रूप से सजग राज्य में नफरत की राजनीति सफल नहीं होगी।
इससे पहले यादव ने अपनी पत्नी एवं सपा सांसद डिंपल यादव तथा राज्यसभा सदस्य जया बच्चन के साथ कालीघाट मंदिर में दर्शन भी किए।
