भारत में खेलने को लेकर बनी चिंताओं पर आईसीसी के साथ मिलकर काम को तैयार: बीसीबी

ढाका, 7 जनवरी । बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने बुधवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 विश्व कप के दौरान भारत में खेलने को लेकर बांग्लादेश की चिंताओं को दूर करने के लिए उसके साथ मिलकर काम करने की इच्छा व्यक्त की है। हालांकि, बीसीबी की ओर से मैचों के आयोजन स्थल में बदलाव की मांग को अब तक स्वीकार नहीं किया गया है।

टी20 विश्व कप सात फरवरी से शुरू होना है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बांग्लादेश को अपने चार मुकाबले भारत के कोलकाता और मुंबई में खेलने हैं। बीसीबी ने एक बयान में कहा कि भारत में बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीम की सुरक्षा को लेकर उसकी चिंताओं पर आईसीसी ने प्रतिक्रिया दी है और बोर्ड के सुझावों पर विचार करने का आश्वासन दिया है।

बीसीबी के बयान में कहा गया, “टी20 विश्व कप के लिए भारत में बांग्लादेश की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम की सुरक्षा को लेकर बोर्ड की चिंताओं के संबंध में आईसीसी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। बीसीबी ने टीम के मैचों को स्थानांतरित करने का अनुरोध भी किया था।”
बयान में आगे कहा गया कि आईसीसी ने टूर्नामेंट में बांग्लादेश की टीम की “पूर्ण और निर्बाध भागीदारी” सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

बीसीबी के अनुसार, आईसीसी ने उसकी चिंताओं को दूर करने के लिए बोर्ड के साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई है और भरोसा दिलाया है कि बीसीबी के सुझावों पर विस्तृत सुरक्षा योजना के तहत विधिवत विचार किया जाएगा।

गौरतलब है कि बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देश पर आईपीएल से बाहर किए जाने के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच तनाव बढ़ गया है। बीसीसीआई ने इस फैसले का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया, लेकिन बांग्लादेश में हिंदुओं पर हुए कथित हमलों के बाद दोनों देशों के बीच बढ़े राजनयिक तनाव को इसका प्रमुख कारण माना जा रहा है।

बीसीसीआई की इस कार्रवाई से नाराज बीसीबी ने आईसीसी को पत्र लिखकर भारत में होने वाले टी20 विश्व कप के अपने चार मैचों को सह-मेजबान श्रीलंका में आयोजित कराने की मांग की थी। हालांकि, इस मुद्दे पर आईसीसी की ओर से अब तक कोई सार्वजनिक फैसला सामने नहीं आया है और दोनों खेल संस्थाओं के बीच प्रस्तावित बैठक भी नहीं हो सकी।

बीसीबी ने कहा कि वह आईसीसी और विश्व कप के आयोजन से जुड़े अधिकारियों के साथ “सहयोगपूर्ण और पेशेवर तरीके से रचनात्मक संवाद” जारी रखेगा। बोर्ड ने यह भी भरोसा जताया कि बांग्लादेश की टीम की “सुचारू और सफल भागीदारी” सुनिश्चित करने के लिए कोई “सौहार्दपूर्ण और व्यावहारिक समाधान” निकाला जाएगा।

ग्रुप सी में शामिल बांग्लादेश की टीम को अपने पहले मैच में कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज का सामना करना है। इसके बाद उसे इंग्लैंड, इटली और नेपाल के खिलाफ भी भारत में ही मुकाबले खेलने हैं।

बीसीबी ने उन मीडिया रिपोर्टों का भी खंडन किया, जिनमें दावा किया गया था कि आईसीसी ने उसे या तो निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार खेलने या भारत में होने वाले मैचों के अंक गंवाने के लिए तैयार रहने का अल्टीमेटम दिया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि ऐसे दावे “पूरी तरह असत्य और निराधार” हैं।

उल्लेखनीय है कि मुस्तफिजुर रहमान को पिछले साल अबूधाबी में हुई खिलाड़ियों की नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। आईपीएल से बाहर होने के बाद उन्हें पाकिस्तान सुपर लीग में शामिल कर लिया गया है, हालांकि इस टूर्नामेंट के लिए अंतिम टीमों की घोषणा अभी नहीं हुई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *