मुंबई, तीन फरवरी- भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर सहमति बनने की घोषणा से उत्साहित घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को जबर्दस्त तेजी देखने को मिली। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 2,073 अंक की उछाल के साथ बंद हुआ, जबकि निफ्टी में 639 अंक की मजबूती दर्ज की गई। निवेशकों में इस समझौते को लेकर सकारात्मक धारणा बनी रही, जिससे लगभग सभी प्रमुख क्षेत्रों में खरीदारी देखने को मिली।
व्यापार समझौते के तहत अमेरिका भारतीय उत्पादों पर लगाए गए 25 प्रतिशत जवाबी शुल्क को घटाकर 18 प्रतिशत करने पर सहमत हो गया है। इसके अलावा, रूसी तेल की खरीद जारी रखने को लेकर लगाए गए 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क को लेकर भी बाजार में स्पष्टता आने की उम्मीद जताई जा रही है।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स कारोबार की शुरुआत के साथ ही जोरदार तेजी के साथ 4,205.27 अंक यानी 5.14 प्रतिशत उछलकर 85,871.73 अंक के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया। हालांकि, दिन के ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली के चलते अंत में यह 2,072.67 अंक यानी 2.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83,739.13 अंक पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 639.15 अंक यानी 2.55 प्रतिशत चढ़कर 25,727.55 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,252.80 अंक यानी 4.99 प्रतिशत की तेजी के साथ 26,341.20 अंक तक पहुंच गया था।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार रात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर बातचीत के बाद भारतीय वस्तुओं पर जवाबी शुल्क को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने की घोषणा की थी। हालांकि, समझौते का विस्तृत ब्योरा अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है।
सेंसेक्स की कंपनियों में अदाणी पोर्ट्स के शेयरों में सबसे अधिक 9.12 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा बजाज फाइनेंस, इंटरग्लोब एविएशन, पावर ग्रिड, सन फार्मा, बजाज फिनसर्व और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी प्रमुख लाभ में रहे।
वहीं, टेक महिंद्रा और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
व्यापार समझौते से जुड़ी सकारात्मक खबरों का सबसे अधिक असर वस्त्र, चमड़ा, रत्न एवं आभूषण, समुद्री खाद्य निर्यात और विशेष उपयोग वाले रसायन क्षेत्रों से जुड़े शेयरों में देखने को मिला, जहां जोरदार खरीदारी हुई।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा,
“भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और रुपये में मजबूती से विदेशी संस्थागत निवेशकों के प्रवाह की उम्मीद बढ़ी है। अमेरिकी शुल्क को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत किए जाने से उभरते बाजारों में भारत की प्रतिस्पर्धी स्थिति मजबूत हुई है और निर्यात-उन्मुख क्षेत्रों के लिए परिदृश्य बेहतर हुआ है।”
ऑनलाइन ट्रेडिंग फर्म एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुडी आर. ने कहा,
“भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की घोषणा और भारतीय निर्यात पर शुल्क में कटौती से शेयर बाजार ने हाल के समय की सबसे बड़ी एकदिवसीय बढ़त दर्ज की है। खासकर निर्यात-उन्मुख और जिंसों से जुड़े क्षेत्रों में व्यापक तेजी देखने को मिली।”
उन्होंने कहा कि दिग्गज कंपनियों के साथ-साथ मझोली और छोटी कंपनियों के शेयरों ने भी इस तेजी का भरपूर लाभ उठाया।
बीएसई पर सूचीबद्ध 3,304 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 981 शेयरों में गिरावट रही और 137 शेयर अपरिवर्तित रहे।
क्षेत्रवार सूचकांकों में सेवा खंड में सर्वाधिक 4.86 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा रियल्टी और बिजली खंड में 4.79-4.79 प्रतिशत, उपयोगिता खंड में 3.92 प्रतिशत, पूंजीगत उत्पाद खंड में 3.71 प्रतिशत और औद्योगिक खंड में 3.44 प्रतिशत की बढ़त रही। विवेकाधीन उपभोक्ता, धातु, स्वास्थ्य देखभाल और वित्तीय सेवा खंडों में भी मजबूती दर्ज की गई।
मेहता इक्विटीज लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) प्रशांत तापसे ने कहा,
“बाजार को इस समझौते की घोषणा का लंबे समय से इंतजार था। इससे पहले यूरोपीय संघ के साथ हुए व्यापार समझौते के बाद अब अमेरिका के साथ करार से भारतीय उत्पादों को बड़ा प्रोत्साहन मिला है और इससे बाजार में नई तेजी की नींव पड़ी है।”
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी करीब सात प्रतिशत उछला, जबकि जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग भी बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजारों में भी सकारात्मक रुख देखा गया। अमेरिकी बाजार सोमवार को मजबूती के साथ बंद हुए थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 1,832.46 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 2,446.33 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.65 प्रतिशत की गिरावट के साथ 65.87 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को सेंसेक्स 943.52 अंक चढ़कर 81,666.46 अंक और निफ्टी 262.95 अंक की बढ़त के साथ 25,088.40 अंक पर बंद हुआ था।
