भारत अब ब्रह्मोस मिसाइलों से मित्र देशों की सुरक्षा में भी सक्षम: योगी आदित्यनाथ

लखनऊ, 18 अक्टूबर  – उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि भारत अब ब्रह्मोस मिसाइलों के माध्यम से न केवल अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है, बल्कि अपने मित्र देशों की रक्षा आवश्यकताओं की पूर्ति में भी सक्षम हो गया है। वे लखनऊ स्थित ब्रह्मोस एयरोस्पेस इकाई में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइलों की पहली खेप के अनावरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा, “ब्रह्मोस जैसी उन्नत मिसाइल का निर्माण भारत की रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का एक प्रतीक है। यह मिसाइल हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूती देने के साथ-साथ मित्र देशों को भी रक्षा सहायता देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।”

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उत्तर प्रदेश में डिफेंस कॉरिडोर की परिकल्पना और स्थापना के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय आज साकार हो रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि ब्रह्मोस मिसाइल केंद्र न केवल रक्षा क्षेत्र में भारत को मजबूत करेगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास, औद्योगीकरण और युवाओं को रोजगार देने का भी माध्यम बनेगा।

योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर को ‘मेक इन इंडिया’ के संकल्प को साकार करने वाला बताया और कहा कि लखनऊ में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइल पूरे देश की समृद्धि और सुरक्षा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब रक्षा निर्माण के एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है, जहां तकनीकी विशेषज्ञता और नवाचार का समावेश हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर के छह नोड — लखनऊ, कानपुर, आगरा, अलीगढ़, झांसी और चित्रकूट — में कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अब तक 2,500 एकड़ से अधिक भूमि रक्षा उद्योगों को उपलब्ध कराई जा चुकी है और इससे 15,000 से अधिक युवाओं को रोजगार मिल चुका है।

योगी ने बताया कि ब्रह्मोस एयरोस्पेस में आईटीआई, पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग डिग्री धारक युवा कार्य कर रहे हैं, जिससे देश की रक्षा के साथ-साथ ‘आत्मनिर्भर भारत’ के सपने को भी मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा कि हर साल 100 ब्रह्मोस मिसाइलें तैयार की जाएंगी, जिसे आगे 150 तक बढ़ाया जाएगा। इससे सालाना 150 से 200 करोड़ रुपये तक का जीएसटी राजस्व प्राप्त होगा।

उन्होंने इसे ‘आम के आम और गुठली के दाम’ जैसा लाभ बताते हुए कहा कि यह परियोजना रक्षा और आर्थिक दृष्टि से अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है।

कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘बूस्टर इमारत’ का भी उद्घाटन किया, जो ब्रह्मोस परियोजना की क्षमता विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके अलावा परिसर में दोनों नेताओं ने रुद्राक्ष का पौधा रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *