भाजपा सरकार ने प्रदेश की स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून व्यवस्था को किया बर्बाद: अखिलेश यादव

लखनऊ, 7 अक्टूबर : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मौजूदा भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और उसकी प्राथमिकता केवल झूठे आंकड़े और भावनात्मक मुद्दों की राजनीति करना है।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में बदइंतजामी इस कदर बढ़ चुकी है कि अस्पतालों में न दवाएं हैं, न इलाज की सुविधा। मरीजों को बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं तक नहीं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों को खाद और बीज तक नहीं मिल पा रहा है और जंगली जानवरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में भय का माहौल है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अपराधी तत्व बेखौफ होकर घटनाएं अंजाम दे रहे हैं। महिलाओं के खिलाफ अपराधों में उत्तर प्रदेश देश में सबसे ऊपर है। बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और अपहरण, बलात्कार जैसी घटनाएं आम हो गई हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के पास न तो कोई ठोस योजना है और न ही जनता के लिए कोई संवेदना। पूरा प्रदेश भ्रष्टाचार की चपेट में है और हर विभाग में अवैध गतिविधियां फल-फूल रही हैं। जमीनों पर कब्जा, दलितों और गरीबों पर अत्याचार, पीडीए की मनमानी जैसी समस्याएं चरम पर हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में पूरी तरह से अराजकता का माहौल है। मुख्यमंत्री और मंत्री केवल झूठे आंकड़े दिखाकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। विकास कार्य ठप्प हैं, बजट का दुरुपयोग हो रहा है, और जनहित की योजनाएं ठंडे बस्ते में हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब भाजपा सरकार की नाकामियों से ऊब चुकी है और 2027 के विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जब समाजवादी पार्टी सत्ता में लौटेगी, तब प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा, युवाओं को रोजगार मिलेगा, महिलाओं को सुरक्षा और हर वर्ग को न्याय मिलेगा। अखिलेश ने कहा कि केवल समाजवादी सरकार ही उत्तर प्रदेश का समग्र विकास कर सकती है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *