भाजपा के नए अध्यक्ष नितिन नवीन ने युवाओं से राजनीति में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया

(भाजपा) के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को युवाओं से राजनीति में आगे आने की अपील करते हुए

नयी दिल्ली, 20 जनवरी : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को युवाओं से राजनीति में आगे आने की अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने के लिए सकारात्मक राजनीति में सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि भाजपा में हर किसी के प्रयासों पर नजर रखी जाती है और उचित समय पर उन्हें सम्मान भी मिलता है।

भाजपा मुख्यालय में 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नाम की औपचारिक घोषणा के बाद अपने पहले संबोधन में नवीन ने पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी की सफलता सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने ‘सनातन परंपराओं और आस्था’ की रक्षा तथा देश को जनसांख्यिकीय परिवर्तनों से बचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

नवीन ने कहा, “राजनीति से दूर रहना समाधान नहीं है। देश के युवाओं को आगे आकर सार्वजनिक जीवन में सक्रिय योगदान देना चाहिए। राजनीति कोई सौ मीटर की दौड़ नहीं, बल्कि मैराथन है, जिसमें सहनशक्ति और निरंतरता की परीक्षा होती है।”

उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ और मंडल स्तर पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम जारी रखने का आग्रह करते हुए कहा कि पार्टी की निगरानी व्यवस्था मजबूत है और हर छोटे-बड़े प्रयास को महत्व दिया जाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में भाजपा कार्यकर्ता कड़ी मेहनत और संघर्ष के बल पर मजबूत नेतृत्व प्रदान करेंगे।

तमिलनाडु के ‘कार्तिगई दीपम’ विवाद का उल्लेख करते हुए नवीन ने द्रमुक, कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन की अन्य विपक्षी पार्टियों पर परंपराओं और आस्थाओं में बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऐसी ताकतों को राजनीति में जगह नहीं मिलनी चाहिए, जो सनातन परंपराओं का विरोध करती हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ का मंत्र देशभर में गूंज रहा है और लोगों को जोड़ रहा है। उन्होंने निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा के कार्यकाल में पार्टी के “अभूतपूर्व विस्तार” का भी उल्लेख किया।

बिहार से पांच बार विधायक रह चुके 45 वर्षीय नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा कोई साधारण पार्टी नहीं है और वह ‘देश पहले, पार्टी बाद में और खुद सबसे आखिर में’ के सिद्धांत के साथ काम करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी आज जिस मुकाम पर है, वह हजारों कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *