भाजपाई और उनके संगी-साथी याद रखें, साजिश से बड़ी ‘सच्चाई’ होती है : अखिलेश

लखनऊ, 30 जनवरी – समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अयोध्या की एक विशेष अदालत द्वारा सामूहिक दुष्कर्म के मामले में सपा नेता मोईद खान को बरी किए जाने के एक दिन बाद शुक्रवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपाई और उनके संगी-साथी यह याद रखें कि साजिश से बड़ी ‘सच्चाई’ होती है।

अयोध्या की विशेष पॉक्सो अदालत ने वर्ष 2024 में 12 वर्षीय लड़की से कथित सामूहिक दुष्कर्म के चर्चित मामले में बृहस्पतिवार को सपा नेता मोईद खान को बरी कर दिया, जबकि मामले में उसके नौकर को दोषी ठहराते हुए 20 साल के कारावास की सजा सुनाई।

अखिलेश यादव ने इस प्रकरण से जुड़ी बुलडोजर कार्रवाई की खबरें सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा करते हुए सवाल किया, “क्या ‘भेदकारी भाजपा’ के पास कोई ऐसा बुलडोजर भी है, जो लोगों के टूटे हुए घर बना दे और उस पर मान-सम्मान का छप्पर फिर से लगा दे?”

उन्होंने कहा, “अपने ऊपर लगे मुकदमे तो सत्ताधीश हटवा सकते हैं, लेकिन जो पाप उन्होंने किए हैं, उनके मुकदमे ऊपरवाले की अदालत में लिखे जा रहे हैं। उससे वे कैसे बचेंगे? इतना अन्याय और पाप करके कोई चैन से कैसे सो सकता है?”

भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि नाइंसाफी अब भाजपा शासन की पहचान बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया, “एकतरफा और पक्षपातपूर्ण रवैया अपने आप में एक गुनाह होता है।”

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में बुलडोजर नकारात्मक और विध्वंसकारी सोच का प्रतीक बन गया है। उन्होंने दावा किया, “भाजपा की सियासत जिस तरह नाइंसाफी कर रही है, उसकी हार अब साफ दिखाई दे रही है। अन्याय हारेगा।”

उन्होंने दोहराया, “भाजपाई और उनके संगी-साथी याद रखें, साजिश से बड़ी ‘सच्चाई’ होती है।”

गौरतलब है कि नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद अयोध्या प्रशासन ने मोईद खान की बेकरी और कथित ‘शॉपिंग कॉम्प्लेक्स’ पर बुलडोजर चलाया था। उस समय प्रशासन की इस कार्रवाई को ‘त्वरित न्याय’ के रूप में देखा गया था।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *