भक्ति और उत्साह से गूंजा शाहजहांपुर: मुमुक्षु आश्रम में श्रीरामकथा का शुभारंभ, निकली भव्य कलश यात्रा

शाहजहांपुर। शहर के मुमुक्षु आश्रम में श्रीरामकथा का शुभारंभ श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में हुआ। कथा प्रारंभ होने से पूर्व 51 महिलाओं ने पीतवस्त्र धारण कर भव्य कलश यात्रा निकाली, जिसने पूरे नगर को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।

कलश यात्रा डॉ. कविता भटनागर के नेतृत्व में श्री शंकर मुमुक्षु विद्यापीठ से एस.एस. कॉलेज मैदान स्थित कथा पंडाल तक निकाली गई। सिर पर पवित्र जल से भरे कलश लेकर चल रही महिलाओं की यह यात्रा आस्था और श्रद्धा का प्रतीक बनी।

यात्रा मार्ग में  जयपाल सिंह व्यस्त, प्रो. अवनीश मिश्रा और प्रो. आर.के. आजाद सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया।

इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री स्वामी चिन्मयानंद ने जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि जिले में विकास कार्यों को गति मिल रही है और लंबे समय से लंबित योजनाएं अब धरातल पर उतर रही हैं।

कार्यक्रम के अंतर्गत श्रीरामकथा संदेशवाहन यात्रा भी निकाली गई, जो खिरनीबाग मैदान से प्रारंभ होकर सदर, बहादुरगंज, घंटाघर, चौक और चारखंभा सहज मार्ग जंक्शन होते हुए मुमुक्षु आश्रम पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, युवा और संत समाज के लोग शामिल हुए।

पूरे आयोजन के दौरान शहर में भक्ति, उत्साह और धार्मिक समरसता का वातावरण बना रहा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *