बिहार में होगी राजग की अब तक की सबसे बड़ी जीत, ‘जंगल राज’ वालों के सफाये का भरोसा: प्रधानमंत्री मोदी

नयी दिल्ली, 4 नवंबर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि बिहार की जनता ने इस बार यह ठान लिया है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) न केवल एक बार फिर सत्ता में लौटेगा बल्कि पिछले 20 वर्षों के अपने जीत के सभी रिकॉर्ड तोड़ देगा। उन्होंने कहा कि राज्य में अब “जंगल राज” की वापसी संभव नहीं है और जो लोग बिहार को उस दौर में ले गए थे, उन्हें इतिहास की सबसे बड़ी हार झेलनी पड़ेगी।

मोदी ने कहा कि बिहार की जनता यह तय कर चुकी है कि सुशासन और विकास की राजनीति को आगे बढ़ाया जाएगा, न कि अराजकता और भ्रष्टाचार की। उन्होंने कहा, “जो लोग बिहार में जंगल राज लाए थे, वे इस बार अपनी अब तक की सबसे बुरी हार देखेंगे। राजग की सरकार फिर बनेगी और पहले से भी बड़ी जीत के साथ लौटेगी।”

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा, “दोनों राजकुमार पूरे बिहार में घूम रहे हैं। दिल्ली वाले राजकुमार ने तो ‘छठी मैया’ का अपमान कर दिया है। बिहार की जनता इसे कभी नहीं भूलेगी।”

उन्होंने बिहार की महिलाओं से विशेष अपील की कि वे बड़ी संख्या में मतदान करें ताकि “छठी मैया का अपमान करने वालों” और “जंगल राज वालों” की जमानत जब्त हो जाए। उन्होंने कहा, “बिहार भाजपा की महिला कार्यकर्ता ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ के संकल्प के साथ बेहतरीन काम कर रही हैं।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह बिहार में अपनी जनसभाओं में उमड़ रही भीड़ को देखकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, “हर रैली में पिछली रैली का रिकॉर्ड टूट रहा है और महिलाओं की भागीदारी अद्भुत है। मुझे जीत पर कोई संदेह नहीं, पर ज़रूरत है अधिक से अधिक मतदान की।”

भाजपा की एक महिला कार्यकर्ता से बातचीत में मोदी ने कहा कि बिहार के गरीबों, दलितों, महादलितों और पिछड़ों में राजग के प्रति जबरदस्त उत्साह है। “लोग ‘जंगल राज’ को याद कर आज भी सिहर उठते हैं, इसलिए इस बार वे रिकॉर्ड तोड़ बहुमत से राजग को विजयी बनाएंगे।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि राजग सरकार ने महिलाओं के सशक्तीकरण और सुरक्षा के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा, “आज महिलाएं रात में अस्पतालों, रेलवे स्टेशनों और अन्य स्थानों पर निडर होकर काम करती हैं। यह ‘सुशासन’ का परिणाम है। जंगल राज में यह संभव नहीं था।”

मोदी ने कहा, “बिहार की बेटियां अब स्वरोजगार के माध्यम से न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि रोजगार देने वाली भी बन रही हैं। महिलाएं ‘जंगल राज’ के खिलाफ दीवार बनकर खड़ी हैं और उन्होंने उस दौर को कभी वापस न आने देने का संकल्प लिया है।”

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में मतदान 6 और 11 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने इस चुनाव में तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *