बहिष्कार की अप्रत्यक्ष धमकी के बाद पाकिस्तान ने टी20 विश्व कप के लिए टीम घोषित की

लाहौर | 25 जनवरी – पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी द्वारा बांग्लादेश के समर्थन में टी20 विश्व कप के बहिष्कार की अप्रत्यक्ष धमकी दिए जाने के एक दिन बाद पाकिस्तान ने रविवार को इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी। यह टीम भारत और श्रीलंका में सात फरवरी से आठ मार्च तक होने वाले टी20 विश्व कप में हिस्सा लेने के लिए चुनी गई है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने ‘‘सुरक्षा चिंताओं’’ का हवाला देते हुए भारत आने से इनकार करने के बाद बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया था। इसके बाद पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाते हुए पाकिस्तान के इस टूर्नामेंट से हटने की संभावना जताई थी और कहा था कि अंतिम फैसला पाकिस्तान सरकार करेगी।

पाकिस्तान टीम की कप्तानी सलमान अली आगा को सौंपी गई है। पाकिस्तान के सभी ग्रुप मैच श्रीलंका में खेले जाएंगे। टीम की घोषणा यहां गद्दाफी स्टेडियम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीसीबी के हाई परफॉर्मेंस निदेशक और चयन समिति के सदस्य आकिब जावेद, कप्तान सलमान अली आगा और सीमित ओवरों की टीम के मुख्य कोच माइकल जेम्स हेसन ने की।

पूर्व तेज गेंदबाज आकिब जावेद ने कहा, “हम चयनकर्ता हैं और हमारा काम टीम का चयन करना है। हमने आईसीसी की समय सीमा से पहले टीम घोषित कर दी है। पाकिस्तान की भागीदारी पर अंतिम फैसला सरकार को करना है, इसलिए इस पर हम कुछ नहीं कह सकते। अध्यक्ष ने भी यही बात कही थी।”

आईसीसी ने सभी 20 भाग लेने वाले देशों के लिए 30 जनवरी तक अपनी अंतिम टीम जमा करने की समय सीमा तय की है। उल्लेखनीय है कि पीसीबी, बीसीसीआई और आईसीसी के बीच पिछले वर्ष हुए त्रिपक्षीय समझौते के तहत 2027 तक भारत या पाकिस्तान की मेजबानी में होने वाले टूर्नामेंटों में दोनों देशों के मैच तटस्थ स्थानों पर खेले जाएंगे।

टी20 विश्व कप के लिए चुनी गई पाकिस्तान टीम में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। लगभग वही खिलाड़ी शामिल हैं, जो अगले सप्ताह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टी20 श्रृंखला में खेलेंगे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 29 जनवरी से लाहौर में शुरू होने वाली श्रृंखला के लिए चुनी गई टीम से केवल मध्यम गति के गेंदबाज मोहम्मद वसीम जूनियर को विश्व कप टीम में जगह नहीं मिली है।

चयनकर्ताओं ने टीम में दो विशेषज्ञ स्पिनरों—अबरार अहमद और ‘मिस्ट्री स्पिनर’ उस्मान तारिक—को शामिल किया है, जिन्होंने अब तक बहुत कम अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इनके अलावा स्पिन ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज, शादाब खान और सैम अयूब भी टीम का हिस्सा हैं। युवा बल्लेबाज ख्वाजा मोहम्मद नफे को भी टीम में जगह मिली है, जिन्होंने इसी महीने श्रीलंका में अपना टी20 अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था।

इन 15 खिलाड़ियों में सलमान अली आगा, फहीम अशरफ, ख्वाजा मोहम्मद नफे, मोहम्मद सलमान मिर्जा, साहिबजादा फरहान और उस्मान तारिक को पहली बार टी20 विश्व कप खेलने का मौका मिला है। वहीं, बाबर आजम, फखर जमां, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान और नसीम शाह जैसे अनुभवी खिलाड़ी पहले भी एक या अधिक टी20 विश्व कप खेल चुके हैं।

पाकिस्तान को ग्रुप ए में रखा गया है और उसका पहला मुकाबला सात फरवरी को कोलंबो में नीदरलैंड के खिलाफ होगा।

टी20 विश्व कप के लिए पाकिस्तान की टीम:
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमां, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), सैम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान (विकेटकीपर) और उस्मान तारिक।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *