बहराइच में अवैध कफ सिरप और दर्द निवारक कैप्सूल का बड़ा जखीरा बरामद, दो गिरफ्तार

बहराइच, 14 अक्टूबर — उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त कार्रवाई में कोडीन युक्त कफ सिरप और ट्रामाडाल साल्ट युक्त दर्द निवारक कैप्सूल का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो रायल फार्मा नामक साझेदारी फर्म के साझेदार बताए जा रहे हैं।

देवीपाटन मंडल के सहायक औषधि आयुक्त मुकेश जैन ने बताया कि उन्हें उत्तर प्रदेश औषधि प्रशासन आयुक्त कार्यालय से सूचना मिली थी कि बहराइच स्थित रायल फार्मा नाम की फर्म ने कोडीन युक्त कफ सिरप की 10,000 शीशियां खरीदी हैं। इस सूचना के आधार पर बहराइच, श्रावस्ती और गोंडा के दवा निरीक्षकों की टीम ने पुलिस के सहयोग से सोमवार को छापेमारी की।

जांच में सामने आया कि जिस स्थान पर रायल फार्मा का लाइसेंस रजिस्टर्ड है, वहां कोई गतिविधि नहीं हो रही थी। पूछताछ के बाद टीम ने सलारगंज मोहल्ले के एक आवासीय परिसर में छापा मारा, जहां से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद की गईं। बरामदगी के समय मौके पर खड़ी एक लग्जरी कार से भी दवाओं का जखीरा मिला, जिसमें ‘विधायक’ लिखे सचिवालय पास का स्टीकर लगा था।

फर्म के दोनों साझेदार मोहम्मद अली और आफताब अली बरामद दवाओं से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद कोतवाली नगर में सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया

बताया गया कि राजस्थान में कफ सिरप से हुई कई मौतों के बाद उत्तर प्रदेश में इस तरह के मामलों की जांच तेज कर दी गई है। प्रशासन द्वारा ऐसे अवैध कारोबारियों के खिलाफ राज्य भर में अभियान चलाया जा रहा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *