बंथरा में सड़क किनारे मिली अज्ञात महिला की लाश, वाहन की टक्कर से मौत की आशंका

लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नारायणपुर–बेहटा मार्ग पर ग्राम अमावा के सामने सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का शव पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक मृतका की उम्र लगभग 50 वर्ष आंकी जा रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई है। शव के पास से मिले एक बैग में शराब के पाउच, बीड़ी और कुछ कपड़े बरामद हुए हैं, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला भिक्षावृत्ति कर जीवन-यापन करती थी।

घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके।

फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है और पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *