भदोही, 3 नवंबर । उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरों का इस्तेमाल कर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने के आरोप में एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह मामला सुरयावा थाना क्षेत्र का है। थाना क्षेत्र के चकजीत राय गांव के चौकीदार जयपाल गौतम की तहरीर पर हरिपुर गांव निवासी आकाश यादव के खिलाफ रविवार शाम मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
आरोप है कि आकाश यादव ने प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरों का उपयोग करते हुए एक आपत्तिजनक वीडियो तैयार किया और उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला दर्ज करने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। साथ ही, उस पोस्ट को सोशल मीडिया से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
