प्रतापगढ़ में नगर पालिका का लिपिक 87,500 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

नगर पालिका परिषद बेल्हा के अधिशासी अधिकारी (ईओ) कार्यालय के लिपिक प्रशांत सिंह

प्रतापगढ़ (उप्र), 09 जनवरी । उत्तर प्रदेश पुलिस के भ्रष्टाचार निरोधक संगठन (एसीओ), प्रयागराज इकाई ने शुक्रवार को नगर पालिका परिषद बेल्हा के अधिशासी अधिकारी (ईओ) के कार्यालय में लिपिक प्रशांत सिंह को कथित रूप से 87,500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

एसीओ निरीक्षक अंजली यादव ने बताया कि शिकायतकर्ता प्रवीण रामपाल सिंह ने छह जनवरी को प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया था कि नगर पंचायत ढकवा के अधिशासी अधिकारी अभिनव यादव और बेल्हा के लिपिक प्रशांत सिंह ने उनकी कंपनी मेसर्स कैलाश गंगापुरम को आवंटित कार्य प्रारंभ कराने के एवज 87,500 रुपये रिश्वत मांगे थे।

निरीक्षक अंजली यादव ने बताया कि शुक्रवार को लगभग 14:13 बजे, नगर पालिका परिषद बेल्हा के अधिशासी अधिकारी के टाइपिस्ट कक्ष में लिपिक प्रशांत सिंह को शिकायतकर्ता से पैसे लेते हुए गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार लिपिक के खिलाफ विधिक कार्यवाही की जा रही है।

इसके अलावा, नगर पंचायत ढकवा के अधिशासी अधिकारी अभिनव यादव के खिलाफ भी कोतवाली नगर थाना में अभियोग पंजीकृत कराया गया है। अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *