प्रगति’ बाल उत्सव में गूंजा नारी सशक्तिकरण का संदेश, 23 प्रतिभाशाली बालिकाएं हुईं सम्मानित

लखनऊ, 8 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित दयाल गेटवे में बेसिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा “प्रगति: आत्मसम्मान से समानता तक – बाल उत्सव” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के आत्मसम्मान, समानता और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए करीब 850 बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नारी शक्ति के बिना संसार की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बालिकाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को चरणबद्ध तरीके से 12वीं कक्षा तक उच्चीकृत किया जा रहा है, ताकि बेटियों को बेहतर शिक्षा और अवसर मिल सकें।

कार्यक्रम में पार्थ सारथी सेन शर्मा, अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा और स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में उत्तर प्रदेश में बालिकाओं की शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और मीना मंच जैसी पहलें बालिकाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

इस दौरान बालिकाओं ने महिला सशक्तिकरण की थीम पर आधारित फ्लैश मॉब, नुक्कड़ नाटक, नृत्य, योग प्रदर्शन और माइम जैसी आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिनके माध्यम से शिक्षा, समानता और अधिकारों का प्रभावी संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली 23 प्रतिभाशाली बालिकाओं और पूर्व छात्राओं का सम्मान रहा। इनमें खेल, शिक्षा, नवाचार और सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाली छात्राएं शामिल थीं।

कार्यक्रम स्थल पर 22 विषयगत स्टॉल भी लगाए गए, जिनमें शिक्षण सामग्री, नवाचार, करियर परामर्श और सामाजिक-भावनात्मक अधिगम से जुड़ी प्रदर्शनी प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने बालिकाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्धता दोहराई।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *