पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने 2029 में अयोध्या से लोकसभा चुनाव लड़ने के दिए संकेत

“जिंदा रहा तो लोकसभा में फिर जरूर जाऊंगा”: बृजभूषण शरण सिंह

बाराबंकी (उप्र), 26 जनवरी । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने संकेत दिया है कि वह वर्ष 2029 का लोकसभा चुनाव अयोध्या संसदीय सीट से लड़ सकते हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में अंतिम निर्णय उचित समय पर लिया जाएगा।

सिंह सोमवार को बाराबंकी के सिविल लाइंस चौराहे पर एक कपड़े के शोरूम के उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। 2029 के आम चुनावों को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि अयोध्या से चुनाव लड़ने पर फैसला समय आने पर किया जाएगा।

इस दौरान उन्होंने पार्टी के पूर्व सांसद विनय कटियार का भी उल्लेख करते हुए कहा कि अयोध्या सीट से भाजपा का टिकट मांगना उनका अधिकार है। सिंह ने कहा, “अगर विनय कटियार टिकट की मांग कर रहे हैं तो यह उनका अधिकार है। इसमें कुछ भी असामान्य नहीं है और वह इसके पूरी तरह हकदार हैं।”

गौरतलब है कि हाल ही में अपने जन्मदिन के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में बृजभूषण शरण सिंह ने 2029 के लोकसभा चुनावों की तैयारियों की ओर भी इशारा किया था। उनके बेटे और मौजूदा भाजपा सांसद करण भूषण सिंह ने भी सार्वजनिक रूप से कहा था कि वे दोनों 2029 के चुनावों में मैदान में होंगे।

भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष रहे बृजभूषण शरण सिंह वर्ष 2023 में उस समय राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आए थे, जब नाबालिगों समेत कई महिला पहलवानों ने उन पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। इसके बाद शीर्ष भारतीय पहलवानों ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर लंबे समय तक विरोध प्रदर्शन किया और सिंह पर अनुचित व्यवहार तथा सत्ता के दुरुपयोग के आरोप लगाए थे।

इस विवाद के चलते भाजपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया था और उनके बेटे करण भूषण सिंह को कैसरगंज लोकसभा सीट से मैदान में उतारा गया था, जहां उन्होंने जीत हासिल की।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *