पूर्व आईओए अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी का निधन, यूपी ओलंपिक एसोसिएशन ने दी श्रद्धांजलि

लखनऊ, 6 जनवरी 2026। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ खेल प्रशासक सुरेश कलमाड़ी के निधन से देश के खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके आकस्मिक निधन पर उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर केडी सिंह बाबू स्टेडियम में शोक सभा का आयोजन किया गया, जहां दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई तथा शोक संतप्त परिजनों को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की गई।

शोक सभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने कहा कि सुरेश कलमाड़ी के निधन से भारतीय खेल जगत को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि कलमाड़ी भारत में खेलों के आधुनिकीकरण के प्रमुख सूत्रधार रहे और वर्ष 1996 से 2011 तक भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने खेल प्रशासन को नई दिशा दी।

डॉ. पाण्डेय ने बताया कि सुरेश कलमाड़ी ने एशियन एथलेटिक्स फेडरेशन तथा एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष पद का भी दायित्व संभाला। अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनका नाम भारत के सबसे प्रभावशाली खेल प्रशासकों में गिना जाता था। खेल प्रशासन के साथ-साथ उनका राजनीतिक जीवन भी उल्लेखनीय रहा। वह सांसद रहे और केंद्र सरकार में मंत्री पद का दायित्व भी निभाया।

शोक सभा में भारतीय खेल प्राधिकरण की सेवानिवृत्त कार्यकारी निदेशक रचना गोविल, लखनऊ मंडल के क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी डॉ. अतुल सिन्हा, उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद कुशवाहा, हैंडबॉल कोच मो. तौहीद, जिम्नास्टिक कोच रविकांत यादव सहित अनेक कोचों और खिलाड़ियों ने श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। वहीं खेल निदेशक डॉ. आर.पी. सिंह और पूर्व खेल निदेशक विजय सिंह चौहान ने भी सुरेश कलमाड़ी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *