पुणे नगर निगम चुनाव 2026: एनसीपी और एनसीपी (शरद पवार) का संयुक्त घोषणापत्र जारी

अजित पवार–सुप्रिया सुले एक मंच पर, विकास और स्थिरता का दिया संदेश

पुणे। पुणे नगर निगम चुनाव 2026 के लिए एनसीपी और एनसीपी (शरद पवार गुट) ने शनिवार को अपना संयुक्त घोषणापत्र जारी किया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री अजित पवार और सांसद सुप्रिया सुले ने एक ही मंच साझा किया, जिसे आगामी निकाय चुनावों में दोनों दलों की साझा रणनीति का अहम संकेत माना जा रहा है।

घोषणापत्र जारी करते हुए अजित पवार ने कहा कि गठबंधन का मुख्य उद्देश्य पुणे के नागरिकों को विकास, स्थिरता और बेहतर नागरिक सुविधाएं देना है। उन्होंने कहा कि यह घोषणापत्र शहर की जनता के सामने एनसीपी की स्पष्ट नीति और विज़न को दर्शाता है। वहीं सुप्रिया सुले ने कहा कि चुनावी रणनीति बनाते समय समाज के सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखा गया है और संयुक्त मंच से भाजपा समेत अन्य दलों को एक मजबूत राजनीतिक संदेश जाएगा।

घोषणापत्र में ये हैं प्रमुख वादे

संयुक्त घोषणापत्र में शहरी विकास, बुनियादी सुविधाएं और सामाजिक कल्याण पर विशेष जोर दिया गया है। इसमें शामिल प्रमुख वादे इस प्रकार हैं—

  • हर घर को प्रतिदिन नल से स्वच्छ पेयजल

  • सुरक्षित, गड्ढामुक्त सड़कें और बेहतर यातायात व्यवस्था

  • नियमित सफाई और स्वच्छता अभियान

  • अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

  • प्रदूषण मुक्त और हरित पुणे का निर्माण

  • झुग्गी-झोपड़ियों का पुनर्वास और पुरानी इमारतों का नवीनीकरण

  • PMPML बसों और मेट्रो में मुफ्त यात्रा

  • 500 वर्ग फीट तक के घरों पर संपत्ति कर माफी

  • पारदर्शी और जवाबदेह नगर प्रशासन

  • हर बच्चे के लिए ‘पुणे मॉडल स्कूल’ और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा

  • छात्रों को मुफ्त कंप्यूटर टैबलेट

भाजपा पर साधा निशाना

अजित पवार ने स्थानीय भाजपा नेतृत्व पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि राज्य और केंद्र से पर्याप्त फंड मिलने के बावजूद पुणे और पिंपरी-चिंचवाड़ के विकास कार्यों को रोका गया। उन्होंने कहा कि 2017 से 2022 तक नगर निगम में भाजपा की सरकार रहने के बावजूद अपेक्षित विकास नहीं हुआ।

15 जनवरी को मतदान

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में 15 जनवरी को 29 नगर निगमों के चुनाव होने हैं, जिनमें पुणे और पिंपरी-चिंचवाड़ भी शामिल हैं। राज्य चुनाव आयोग ने मतदान के दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है और 70 प्रतिशत से अधिक मतदान सुनिश्चित करने की अपील की है।

128 पार्षदों का होगा चुनाव

पुणे और पिंपरी-चिंचवाड़ जैसे बड़े शहरी क्षेत्रों में भाजपा अपनी पकड़ बनाए रखने की कोशिश कर रही है, जबकि एनसीपी गठबंधन वापसी की तैयारी में जुटा है। पिंपरी-चिंचवाड़ नगर निगम में करीब 17.13 लाख मतदाता हैं, जो 128 पार्षदों का चुनाव करेंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *