पीजीआई क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़, चेन स्नेचिंग का आरोपी पैर में गोली लगने से घायल

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के थाना पीजीआई क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस और चेन स्नेचिंग के आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, 20 फरवरी 2026 को बैंक मैनेजर की पत्नी से चेन स्नेचिंग की घटना हुई थी, जिसके संबंध में मुकदमा संख्या 100/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।

चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़

पुलिस ने शुक्रवार को बरौली पुल के नीचे संदिग्ध वाहनों की चेकिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का आरोप है कि युवक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।

जवाबी फायरिंग में गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

रोपी की पहचान और बरामदगी

पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम विवेक कुमार यादव उर्फ शेरू यादव (22 वर्ष) निवासी बघराजपुर, थाना कोतवाली नगर, जनपद सुल्तानपुर बताया। पुलिस ने उसके पास से 3.360 ग्राम पीली धातु की चेन, एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और 1700 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा घटनास्थल से 9 एमएम के दो खोखा कारतूस भी मिले हैं।

पहले से आपराधिक इतिहास

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ रंगदारी समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ की घटना के संबंध में अलग से अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी के आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *